गजरौला - बेटे की चाह में तांत्रिक के कहने पर चाचा ने की मासूम भतीजे की हत्या, आक्रोशित लोगो ने बालक का शव थाने के सामने रख लगाया जाम - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, अप्रैल 08, 2022

गजरौला - बेटे की चाह में तांत्रिक के कहने पर चाचा ने की मासूम भतीजे की हत्या, आक्रोशित लोगो ने बालक का शव थाने के सामने रख लगाया जाम

newsindia17

गजरौला थाना क्षेत्र में की गयी 7 वर्ष के मासूम की हत्या पर आक्रोशित परिजनों व स्थानीय निवासियों ने आज अपनी माँगो को लेकर बालक का शव थाने के सामने रखकर बिजनौर मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम लगाए बैठे लोगो को पुलिस ने समझाने का काफी प्रयास किया मगर वे नहीं माने। लगभग 3 घंटे बाद परिजनों ने मौके पर पहुँचे सीओ के द्वारा आश्वासन मिलने पर जाम खोला। 


पाठको को बताना उचित होगा कि थाना क्षेत्र के मौहल्ला चौहानपुरी में संजय सिंह पुत्र ओमप्रकाश अपनी पत्नी रीना व दो पुत्रो टिल्लू आयु 7 वर्ष व लवी आयु 5 वर्ष के साथ रहते है। टिल्लू जो कक्षा दो का छात्र था मंगलवार की शाम लगभग साढ़े 5 बजे घर से कुछ दूरी पर ही खेल रहा था और वही से गायब हो गया था। टिल्लू के घर न पहुँचने पर परिजनों ने उसे काफी तलाश किया मगर उसका कुछ पता नहीं लग सका था। टिल्लू के सगे चाचा पर संदेह होने पर माता पिता ने इस सम्बन्ध में पुलिस को सूचित किया था। पुलिस ने टिल्लू के चाचा मदन को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। पुलिस पूछताछ में मदन ने बताया था कि उसकी शादी को तीन वर्ष हो चुके है मगर कोई संतान नहीं है। इसी के चलते उसने तांत्रिक के के कहने पर अपने चचेरे भाई व अन्य लोगो के  मिलकर टिल्लू की गला दबाकर हत्या कर दी थी। मदन ने पुलिस को बताया था कि तांत्रिक ने उससे कहा था कि वो अपने भाई के एक बच्चे की बलि देता है तो उसके संतान जरूर होगी। इस घटना में शामिल अपने चचेरे भाई को मदन ने 2 लाख रूपये भी दिए थे। मदन ने इस घटना में शामिल कुछ और लोगो के नाम बताये थे। इसके बाद पुलिस को सुराग मिलते गए और कल गुरूवार को मदन व घटना में शामिल अन्य लोगो की निशानदेही पर धनौरा रोड स्थित टेवा कम्पनी के पास गन्ने के खेत से बच्चे का शव बरामद पुलिस ने बरामद कर लिया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया था। पुलिस इस मामले में टिल्लू के चाचा चाची सहित 7 लोगो को गिरफ्तार कर चुकी है। 


मासूम बालक की चाचा द्वारा हत्या किये जाने पर आक्रोशित परिजनों व चौहानपुरी के लोगो ने आज टिल्लू का शव थाने के सामने रखकर बिजनौर मार्ग पर जाम लगा दिया। टिल्लू के परिजन व अन्य लोग सड़क पर बैठ गए और आरोपी मदन के ससुराल पक्ष के लोगो को बुलाने की माँग की। जाम लगाने वालो की माँग थी कि आरोपी मदन की पत्नी, सास, ससुर व तांत्रिक  के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाए। आक्रोशित लोगो का कहना था कि मृतक टिल्लू व उसके भाई लवी की 5 लाख रूपये में सुपारी दी गयी थी। जिसमे से 2 लाख रूपये मदन ने अपने चचेरे भाई विपिन को दे भी दिए थे। आक्रोशित लोगो का कहना था कि इतनी बड़ी रकम मदन के पास नहीं हो सकती। इसमें मदन के ससुराल पक्ष के लोगो का हाथ है। पुलिस ने जाम लगा रहे लोगो को समझाने का काफी प्रयास किया मगर वे नहीं माने। इस दौरान सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतारे लग गयी। इस दौरान लोगो को समझाने पहुँचे भाजपा के धनौरा विधायक राजीव तरारा को भी लोगो ने खरी खोटी सुनाई। आक्रोशित टिल्लू के परिजन व  अन्य लोग आरोपी मदन के सास, ससुर को बुलाने की माँग पर अड़े रहे। लगभग 3 घंटे बाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे सीओ सतेंद्र कुमार द्वारा कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर लोगो ने सड़क को जाम मुक्त किया।  

web counter
अभी तक पाठक संख्या