उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सफाई कर्मचारियों के काम करने के समय में परिवर्तन किए जाने का विरोध करते हुए कर्मचारियों ने आज शुक्रवार को नगर पालिका परिषद कार्यालय पर एकत्र हो जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान नगर विकास मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गयी। भारतीय बाल्मीकि धर्म समाज के पदाधिकारियों ने इस सम्बन्ध में नगर विकास मंत्री को सम्बोधित एक ज्ञापन भी अधिशासी अधिकारी को सौंपा।
पाठको को बताना उचित होगा कि प्रदेश की भाजपा सरकार में नगर विकास मंत्री बनाये गए अरविन्द कुमार शर्मा ने आदेश जारी कर सफाई कर्मचारियों के काम का समय सुबह 5 बजे से 8 बजे निर्धारित कर दिया है। इसको लेकर सफाई कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। आज सुबह लगभग 11 बजे भारतीय बाल्मीकि धर्म समाज के बैनर तले नगर पालिका कार्यालय पर एकत्र हुए सफाई कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सफाईकर्मियों का कहना था कि सरकार द्वारा काम का समय सुबह 7 बजे से परिवर्तन कर 5 बजे कर दिया गया है। पालिका में बड़ी संख्या में महिला सफाई कर्मचारी भी काम करती है और सुबह के समय उनको बहुत घरेलू कार्य भी करने होते है। प्रदर्शन कर रहे सफाईकर्मियों का कहना था कि सुबह महिलाओ को स्कूल जाने वाले बच्चो को तैयार करना होता है व खाना भी बनाकर देना होता है। यदि सरकार समय सुबह 5 बजे ही रखती है तो ऐसे में उनके बच्चो की पढाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने आदेश को वापस लेकर काम का समय फिर से सुबह 7 बजे करने की माँग की। प्रदर्शन के उपरांत सफाई कर्मचारियों ने अधिशासी अधिकारी राजकुमार को नगर विकास मंत्री को सम्बोधित एक ज्ञापन भी सौंपा।
प्रदर्शन करने वालों में संजय बाबू, नीरज पेंटर, विसम्भर, सचिन बाबू, विजेंद्र कुमार, आनंद कुमार, राजेश चौहान, मुन्नालाल, गीता, विजय, संजू, अनीता, बबिता, अनुराग, अम्बर, तनुज आदि मौजूद रहे।
| अभी तक पाठक संख्या |