आज रविवार को जिला अमरोहा के सैदनगली थाना क्षेत्र के एक गाँव में कब्र खोदने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी हुई। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस के पहुँचने के बाद मामला शांत हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव देहरा मिलक निवासी आसमाँ पत्नी यामीन आयु 60 वर्ष की कल शनिवार की रात मौत हो थी। वृद्धा के शव को दफन करने के लिए आज रविवार की सुबह गाँव के नजदीक स्थित कब्रिस्तान में कब्र खोदी जा रही थी। इसी दौरान मौके पर पहुँचे दूसरे सम्प्रदाय के युवक ने कब्रिस्तान की जमीन का पट्टा अपने नाम बताते हुए कब्र खोदे जाने का विरोध करना शुरू कर दिया। इसके साथ ही हंगामा शुरू हो गया। मौके पर लोगो की भीड़ जमा हो गयी।
सूचना मिलने पर डायल 112 व थाना पुलिस भी मौके पर पहुँच गयी। मुस्लिम समुदाय के लोगो ने पुलिस को बताया कि ये कब्रिस्तान वर्षो पुराना है और यहाँ पक्की कब्रे भी बनी हुई है। सूचना मिलते ही सीओ सतीश चंद्र पांडे भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान विरोध करने वाला मौके से भाग निकला। जिसके बाद कब्र की खुदाई कराकर शव दफ़न कर दिया गया है। मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई।
थाना अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह ने बताया कि एक युवक ने 112 पुलिस को सूचना दी थी कि मेरी पट्टे की जमीन पर कब्र खोदी जा रही है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा तो वहां कब्रिस्तान थे फिलहाल शव को दफना दिया गया है।
| अभी तक पाठक संख्या |
