पुलिस अधीक्षक बिजनौर के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे अभियान के तहत स्योहारा पुलिस ने दहेज़ प्रताड़ना के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में वांछित अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।
पाठको को बताना उचित होगा कि अशरफ पुत्र मोहम्मद सुलेमान, निवासी ग्राम चकमहमूद सानी ने थाना स्योहारा पर एक तहरीर दी थी। इस तहरीर में कहा गया था कि तंजीम पुत्र ताहिर, शाहजहां पत्नी ताहिर, ताजीम व अजीम पुत्रगण ताहिर, मंतशा व शहजादी पुत्रीगण ताहिर निवासीगण मौहल्ला शेखान, स्योहारा ने दहेज़ की माँग करते हुए उसकी पुत्री के साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया है। अशरफ द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी थी। इसी दौरान गत 2 दिसंबर को उपचार के दौरान अशरफ की पुत्री की मौत हो गयी थी। पीड़िता की मौत के बाद मुकदमे में अन्य धाराओं की भी वृद्धि की गयी थी।
स्योहारा पुलिस ने उक्त मामले में वांछित चल रहे एक अभियुक्त तंजीम पुत्र ताहिर को आज गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष स्योहारा ने बताया कि गिरफ्तार किये गए अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है। अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपक कुमार व हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार शामिल रहे।
अभी तक पाठक संख्या |