जनपद संभल के गुन्नौर थाना क्षेत्र में जमीन के विवाद को लेकर हुई मारपीट के दौरान एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। बताया गया कि मारपीट के दौरान महिला अपने पति को दबंगो से बचाने आयी थी। सूचना पर पहुँची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतका के देवर द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पुलिस गाँव के कुछ लोगो को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मृतका के भतीजे छोटेलाल के अनुसार गाँव निवासी हरेंद्र के साथ उनका जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। हरेंद्र के अनुसार गत 2 जून को भी हरेंद्र व उसके साथियो ने उन्हें घेर लिया था। छोटेलाल के अनुसार उन्होंने इस मामले में एक तहरीर थाने में दी थी मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते दबंगो ने आज रविवार को एक बार फिर से दुस्साहस का परिचय देते हुए मारपीट की। छोटेलाल ने बताया कि आज रविवार को उसके चाचा जयपाल कुछ लोगो के साथ खेत की मेड़ बाँधने गए थे। इसी दौरान वहां पहुंचे हरेंद्र, छोटे, सतीश व कुमरपाल ने लाठी डंडो से मारपीट शुरू कर दी। बताया गया कि दबंगो ने जयपाल को घेर लिया। आरोप है कि इस दौरान हरेंद्र ने तमंचा निकालकर जयपाल पर तान दिया। मौके पर पहुंची जयपाल की पत्नी ने अपने पति को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान हरेंद्र ने माया को गोली मार दी। गोली लगने पर गंभीर रूप से घायल हुई माया जमीन पर गिर गयी। माया के गिरते ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन माया को लेकर सीएचसी पहुंचे जहाँ चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के भतीजे का आरोप है कि गुन्नौर थाने के दरोगा विजय सिंह पैसे के दबाब में काम कर रहे है। 2 जून को की गयी शिकायत पर उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की थी बल्कि जयपाल पक्ष के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया था। छोटेलाल का कहना है कि आज दबंगो ने गोली मारकर उसकी चाची की हत्या कर दी है पर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। एसपी संभल कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि गुनौर थाना क्षेत्र के गाँव भोजराजपुर में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतका के देवर चंद्रकेश द्वारा दी गयी तहरीर में गाँव के ही कुछ लोगो पर आरोप लगाया गया है। संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जायेगा।
| अभी तक पाठक संख्या |