प्रशासन की सजगता के साथ की गयी कार्रवाई के चलते दो बहनो का बाल विवाह रूक गया और दोनों बालिका वधू बनने से बच गयी। बारात आने से पहले ही मौके पर पहुंची प्रशासन व पुलिस की टीम ने शादी एक कार्यक्रम को रूकवा दिया। दोनों बहनो को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद की गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र निवासी ग्रामीण ने अपनी बड़ी पुत्री की शादी जिला बंदायू निवासी युवक व छोटी के शादी दुसरे गांव के युवक के साथ तय की थी। कल रविवार को दोनों बहनो की शादी एक ही मंडप में की जानी थी। कल मौके पर मंडप सजा था व बारात आने से पूर्व वधू पक्ष वाले भोजन कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिलने पर एसडीएम रमेश बाबू व सीओ गणेश गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँच गए। अधिकारियो ने बाल विवाह को रुकवा दिया व बच्चियों के परिजनों को ऐसा न करने की सख्त हिदायत दी। अधिकारियो ने कहा कि यदि भविष्य में ऐसा करने की जानकारी मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बाल विवाह होने की सूचना मिलने पर सभी रिश्तेदार आदि मौके से रफूचक्कर हो गये।
प्रशासन ने दोनों बच्चियों को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया। आयु से सम्बंधित कोई प्रमाण उपलब्ध न होने पर दोनों बच्चियों को समिति के निगरानी में रखा गया है। डीपीओ संभल चंद्रभूषण ने बताया कि नाबालिग लड़कियों का विवाह कराया जा रहा था। सूचना मिलने पर शादी रूकवा दी गयी है। दोनों लड़कियों को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया है। समिति के निर्णय के अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
अभी तक पाठक संख्या |