नहटौर पुलिस ने किया शिक्षामित्र हत्याकांड का खुलासा, भाभी के साथ अवैध सम्बन्धो के चलते चचेरे भाई ने दोस्त के साथ मिलकर दिया था घटना को अंजाम - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, अगस्त 05, 2024

नहटौर पुलिस ने किया शिक्षामित्र हत्याकांड का खुलासा, भाभी के साथ अवैध सम्बन्धो के चलते चचेरे भाई ने दोस्त के साथ मिलकर दिया था घटना को अंजाम

www.newsindia17.com

जनपद बिजनौर की नहटौर पुलिस ने गत 31 मई को घर में घुसकर की गयी शिक्षामित्र की हत्या का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक के चचेरे भाई व उसके एक दोस्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्व्रारा की गयी पूछताछ में दोनों ने शिक्षामित्र की हत्या किया जाना कबूल करने के साथ ही मृतक की पत्नी के साथ चल रहे अवैध सम्बन्धो की कहानी भी सुना डाली। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों का सुसंगत धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया है।

पाठको को बताना उचित होगा कि गत 31 मई को थाना क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर में अज्ञात बदमाशों ने शिक्षामित्र के पद पर तैनात रानू पुत्र शीशराम को घर में घुसकर गोली मार दी थी। गोली लगने पर गंभीर रूप से घायल हुए रानू की उपचार के दौरान मौत हो गयी थी। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। पुलिस द्वारा की गयी विवेचना के दौरान मृतक के चचेरे भाई विक्की व उसके दोस्त सागर का नाम प्रकाश में आया था। पुलिस ने आरोपित विक्की व सागर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी थी। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ में विक्की ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ में अभियुक्त विक्की ने बताया कि रानू की पत्नी से उसकी दोस्ती हो गयी थी। दोनों आपस में घुल मिलकर बाते करने थे। इस दौरान रानू की पत्नी ने उसे बताया था कि उसका पति आये दिन उसके साथ मारपीट करता है। रानू की पत्नी से उससे कहा था कि यदि वह रानू को रास्ते से हटा दे तो उनका काम आसान हो जायेगा। रानू की पत्नी ने कहा था कि उसके मायके जाने पर रानू की हत्या करना ताकि कोई शक न कर सके। इसके बाद विक्की ने अपने दोस्त सागर पुत्र टेकचंद, निवासी ग्राम बैरमबाद गढ़ी के साथ मिलकर अपने तहेरे भाई रानू की हत्या की योजना बनाई। योजना अनुसार रानू की पत्नी के मायके जाने पर 31 मई 2024 की रात दोनों ने रानू के पिता शीशराम को शाम के समय अपने साथ बैठाकर शराब पिलाई। रात को जब शीशराम व रानू दोनों सो गए तब वे घर में घुस गए। इस दौरान विक्की निगरानी करता रहा और सागर ने तमंचे से रानू को गोली मार दी।

पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का एक तमंचा भी बरामद कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक धर्मेद्र सिंह ने बताया कि दोनों अभियुक्तों का सुसंगत धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने उक्त हत्याकांड का खुलासा कर एक बार फिर से सिद्ध कर दिया कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो कानून के लम्बे हाथो से बच नहीं सकता। इस हत्याकांड का खुलासा करने पर प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह व उनकी टीम की सूझबूझ की प्रशंसा की जा रही है।
visitor counter
अभी तक पाठक संख्या