सरकार व प्रशासन द्वारा महिला सुरक्षा को लेकर किये जा रहे तमाम दावे दबंगों द्वारा की जा रही हरकतों के सामने बौने प्रतीत हो रहे है। ताजा मामला मुरादाबाद महानगर से जुड़ा है जहाँ एक शोहदे ने सरेराह महिला के साथ बदसलूकी की और कपड़े तक फाड़ डाले। महिला द्वारा शिकायत किये जाने पर हरकत में आयी पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हरथला निवासी एक महिला के पति द्वारा पुलिस को दी गयी तहरीर के बताया गया है कि उनकी पत्नी गत शनिवार को बेटे को स्कूल से लाने के लिए स्कूटी द्वारा दोपहर 12 बजे घर से निकली थी। इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक ने पत्नी का पीछा किया और मिड टाउन क्लब के पास रोकने का प्रयास किया। स्कूटी सवार युवक पर शक होने पर महिला ने अपनी स्कूटी की स्पीड बढ़ा दी। कुछ दूरी पर युवक ने महिला के सामने स्कूटी लगा दी और मोबाइल नंबर मांगने लगा। आरोप है कि महिला द्वारा इंकार किये जाने पर युवक ने अभद्रता शुरू कर दी और सरेराह महिला के कपड़े फाड़ दिए। महिला द्वारा अभद्रता व कपड़े फाड़े जाने का विरोध करने पर युवक ने तेजाब डालकर चेहरा बिगाड़ने की धमकी दी। महिला किसी प्रकार बेटे के स्कूल पहुंची और पति को घटना की जानकारी दी। ये पूरी घटना मौके पर लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गयी है।
महिला के पति द्वारा की गयी शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर आरोपी युवक की पहचान सद्दाम निवासी हिमगिरि कॉलोनी के रूप में की है। सद्दाम की कॉलोनी में ही कपड़े की दुकान है। आरोपी समेत उसके पांचो भाई इसी दुकान पर काम करते है। थाना प्रभारी सिविल लाइन ने मनीष सक्सेना ने बताया कि आरोपी के भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जायेगा।
| अभी तक पाठक संख्या |