पुलिस अधीक्षक बिजनौर के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे सघन अभियान के तहत नगीना देहात पुलिस ने लूट के मामले में वाँछित 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान घायल हुए एक अभियुक्त व पुलिसकर्मी को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से लूटा गया केबिल भी बरामद किया है।
पुलिस द्वारा जारी किये गए प्रेस नोट में बताया गया कि गत 5 अगस्त को अजीत सिंह पुत्र कृपाल सिंह, निवासी ग्राम मोहम्मदपुर बांगर, थाना क्षेत्र हसनपुर, जनपद अमरोहा ने थाने में एक तहरीर दी थी। इस तहरीर में बताया गया था कि अज्ञात बदमाशों द्वारा 4 अगस्त की रात चौकीदार ब्रह्मपाल पुत्र बलवीर सिंह, निवासी ग्राम मोरवेट, थाना क्षेत्र शिवाला कलां के साथ मारपीट कर बंधक बनाकर संत रविदास इंटर कॉलेज में रखी एबी व पुरानी केबिल लूट ली है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी थी।
प्रेस नोट में बताया गया कि उक्त मामले में वाँछित 3 अभियुक्तों अनीस पुत्र मोहीनूद्दीन, अजरुद्दीन पुत्र जमालुद्दीन निवासीगण सीलमपुर, नई दिल्ली व नफीस पुत्र मीरू निवासी ग्राम शहजादपुर थाना शेरकोट को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। आज सुबह लगभग 6 बजे नगीना देहात पुलिस को सूचना मिली कि उक्त मामले में वाँछित एक अभियुक्त सफेद रंग की आई 10 कार द्वारा पूर्वी मध्य गंग नहर की पटरी वाले रास्ते से टांडा माईदास की ओर आ रहा है। सूचना मिलने पर सक्रिय हुई पुलिस ने तुरंत ही क्षेत्र की घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान सामने से आ रही एक आई 10 कार को पुलिस टीम द्वारा रूकने का इशारा करने पर चालक हड़बड़ा गया और गाड़ी सड़क किनारे खड़े खजूर के पेड़ से जा टकराई। कार चालक ने स्वयं को पुलिस टीम से घिरा देख फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम द्वारा की गयी जबाबी फायरिंग में एक गोली अभियुक्त के बांये पैर में जा लगी। इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी गिरने के कारण घायल हो गया। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम फरीद पुत्र मुन्ना, निवासी सीलमपुर, थाना सीलमपुर, नई दिल्ली बताया। पुलिस ने अभियुक्त के पास से घटना में प्रयुक्त कार आई 10, एक अवैध तमंचा 315 बोर, 01 खोखा व 01 जिन्दा कारतूस बरामद किया। पुलिस द्वारा गहनता से की गयी पूछताछ में अभियुक्त फरीद ने बताया कि डीलर अंकित चौहान पुत्र दयाराम निवासी ग्राम मोहम्मदपुर बांगर, थाना क्षेत्र हसनपुर, जिला अमरोहा ने घटना कारित करने के उद्देश्य से उसे बुलाया था। इसके बाद डीलर अंकित, फरीद उपरोक्त व फरीद के साले नफीस पुत्र मीरू व अन्य आई 10 कार व डीसीएम वाहन से पूर्व चिन्हित स्थान पर घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से आये। इसके बाद अंकित ने अनीस, अजरुद्दीन व अन्य अभियुक्तों को बुलाया। इसके बाद 2 अभियुक्तों ने चौकीदार को बंधक बनाया तथा अपने वाहनों में स्क्रैप मैटेरियल लूटकर ले गए।
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान घायल हुए अभियुक्त व पुलिसकर्मी को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शेष अन्य वाँछित अंकित चौहान पुत्र दयाराम तथा रियाज पुत्र ग्राम शहजादपुर, थाना क्षेत्र शेरकोट की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है। गिरफ्तार किये गए अभियुक्तों के कब्जे से एबी केबिल के 03 ड्रम व एबी केबिल के पुराने स्क्रेप करीब बीस कुन्टल बरामद किये गये।
| अभी तक पाठक संख्या |
