जनपद अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र मे आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम मे एक विवाहिता द्वारा दूसरी शादी के प्रयास का मामला प्रकाश मे आया है। मामला मुख्य विकास अधिकारी तक पहुंचने के बाद विवाहिता व उसके साथ शादी करने पहुंचे युवक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज रविवार को हसनपुर के श्रीमती सुखदेवी इंटर कॉलेज मे मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम मे 142 हिन्दू व 38 मुस्लिम जोड़ो की परम्परागत ढंग से शादी कराई गयी। इस कार्यक्रम मे गाँव सोहत निवासी आसमा जिसका निकाह 3 वर्ष पूर्व नूर मौहम्मद, निवासी गाँव जयतौली के साथ हुआ था भी शादी करने पहुंची थी। बताया गया कि निकाह के बाद हुए किसी पारिवारिक विवाद के बाद आसमा अपने पिता के घर रह रही है। आसमा के पारिवारिक विवाद का मामला अभी कोर्ट मे विचाराधीन है। आसमा के इस कार्यक्रम मे आने की सूचना मिलने पर उसके ससुराल पक्ष वाले मौके पर पहुँच गए। आसमा के ससुराल पक्ष वालो ने आसमा के साथ शादी करने आये जाबिर, निवासी गाँव रामनगर, थाना क्षेत्र असमौली व आसमा दोनो को पकड़ लिया।
युवती द्वारा दूसरी शादी किये जाने का मामला प्रकाश मे आने पर मुख्य विकास अधिकारी को सूचित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी कुमार ने बताया कि युवक व युवती दोनो को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। इस फर्जी जोड़े का पंजीकरण भी निरस्त करा दिया गया है। दोषियो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
अभी तक पाठक संख्या |