जिला बिजनौर के नांगल थाना क्षेत्र मे जूता चुराई की रस्म को लेकर हुए विवाद के चलते एक निकाह कुछ ही समय बाद तीन तलाक के मामले मे तब्दील हो गया। इस दौरान बारातियो को भी बंधक बनाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कई लोगो को हिरासत मे ले लिया। बाद मे आपसी समझौता होने पर बारात बिना दुलहन के ही वापस लौट गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल रविवार को थाना क्षेत्र के गाँव सराय आलम निवासी आसिफ की दो बेटियों की बारात आयी थी। इन दोनो ही शादियो का कार्यक्रम नांगल स्थित भारत बैंक्वेट हाल मे किया गया था। एक बारात चांदपुर से आयी थी जो सभी रस्मो के बाद खुशी ख़ुशी दुल्हन को विदा कराकर ले गयी। दूसरी बारात रिजवान पुत्र सरफराज, निवासी गांव हर्षवाड़ा, थाना क्षेत्र नजीबाबाद से आयी थी। इस बारात के दूल्हे रिजवान का जूते चुराई की रस्म के दौरान दुल्हन पक्ष के लोगो से कुछ विवाद हो गया था। बताया गया कि दुल्हन पक्ष 15 हजार रुपए की मांग कर रहा था जबकि दूल्हा 5 हजार रुपए दे रहा था। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और कहासुनी हो गयी। विवाद बढ़ने पर दुल्हन पक्ष के लोग बारातियो को बंधक बनाकर अपने गाँव ले गए।
देर रात करीब 2 बजे सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लड़की के पिता आसिफ और दूल्हा रिजवान सहित कई लोगो को हिरासत मे ले लिया और थाने ले आयी। रात भर चले समझौते के प्रयास के दौरान दोनों पक्षो के बीच विवाद की स्थिति बनी रही। इसके बाद आज सोमवार की सुबह किसी प्रकार दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। इसके बाद दूल्हे रिजवान ने फोन कर दुल्हन को तीन तलाक बोल दिया और बारात लेकर वापस चला गया। थाना प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि उक्त मामले में किसी भी पक्ष द्वारा कोई तहरीर नही दी गयी है।
![]() |
अभी तक पाठक संख्या |