जिला बदायूं के उसहैत थाना क्षेत्र से एक ब्यूटी पार्लर संचालिका के साथ छेड़छाड़ व विरोध किये जाने पर महिला व उसके पति के साथ मारपीट किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। इतना ही नही मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न कर उल्टा पीड़ित को ही गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
उसहैत थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ब्यूटी पार्लर संचालक है। पीड़ित पक्ष द्वारा दी गयी तहरीर मे बताया गया कि गत 4 जुलाई की रात लगभग साढ़े 9 बजे महिला अपने ब्यूटी पार्लर पर अकेली बैठी थी। इसी दौरान स्थानीय निवासी एक युवक वहां पहुंचा और महिला से अपनी मसाज करने को कहा। महिला ने युवक को मना करते हुए अपने पति को भी मौके पर बुला लिया। इसी को लेकर महिला व उसके पति के साथ युवक की कहासुनी हो गयी। इसी बीच आरोपी युवक के कुछ साथी भी मौके पर आ पहुंचे। इन सभी ने विरोध कर रहे महिला के पति को दौड़ा दौड़ाकर पीटा। पति को बचाने आयी महिला व उसके देवर के साथ भी युवको ने मारपीट की।
घटना के बाद शिकायत करने थाने पहुंचे महिला के पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और शांति भंग की धाराओ मे चालान कर दिया। पीड़िता ने आज एसएसपी से की गयी शिकायत मे उक्त घटना का विवरण देते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया है। एसएसपी ने घटना की सीओ स्तर से जांच कराकर कार्रवाई किये जाने का आश्वासन दिया है।
![]() |
अभी तक पाठक संख्या |