उत्तर प्रदेश के जिला रामपुर से दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को तीन तलाक दिए जाने का मामला प्रकाश मे आया है। पीड़िता ने पुलिस से की गयी शिकायत मे अपने देवर पर तमंचे के बल पर कई बार दुष्कर्म करने व ससुर पर जबरन हलाला करने का दबाब बनाये जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पति समेत 6 आरोपियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
जनपद के केमरी थाना क्षेत्र के एक गाँव निवासी पीड़िता ने बताया कि उसका निकाह 26 नवम्बर 2020 को थाना गंज क्षेत्र के गाँव काशीपुर निवासी एक युवक के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही पति व ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य दहेज की मांग करते हुए उसे प्रताड़ित करने लगे थे। इस दौरान विवाहिता ने एक बेटी को भी जन्म दिया। दोबारा गर्भवती होने पर पति ने उसके साथ मारपीट की और दवा देकर गर्भपात करा दिया। महिला द्वारा विरोध किये जाने पर पति ने उसके साथ मारपीट की और तीन तलाक बोलकर सम्बन्ध समाप्त कर लिया।
पीड़िता के अनुसार उत्पीड़न की ये आंधी तीन तलाक के बाद भी नही रुकी। गत 6 अक्टूबर को उसके देवर ने उसे कमरे मे बंद कर तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया और इससे पहले भी कई बार कर चुका है। आरोप है कि पीड़िता का ससुर उस पर हलाला करने के लिए जबरन दबाब बना रहा है।
थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति समेत 6 के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।थानाध्यक्ष ने कहा कि यह मामला अत्यंत गंभीर है और इसमें दहेज उत्पीड़न, तीन तलाक,दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी जैसे कई संगीन आरोप शामिल हैं। पुलिस मामले की गहनता से विवेचना कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

