![]() |
| मृतक गोविन्द की फाइल फोटो |
मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र निवासी एक युवक ने आर्थिक तंगी और उत्पीड़न से तंग आकर मौत को गले लगा लिया। युवक द्वारा आत्महत्या किये जाने के बाद सामने आये 3 वीडियो ने मामले मे सनसनी फैली दी है। इन वीडियो मे मृतक युवक ने कुछ लोगो पर गंभीर प्रताड़ना के आरोप लगाए है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के यादगारपुर का निवासी गोविन्द आयु 30 वर्ष पुत्र ओमप्रकाश पेशे से प्लंबर था। परिजनो के अनुसार गोविन्द पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। इसी के चलते उसने मोहल्ले के कुछ लोगो से उधार लिया हुआ था। आरोप है कि कर्ज देने वाले ये लोग उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे और धमकिया दे रहे थे। इसी तनाव के चलते गोविन्द ने कल बुधवार की देर रात फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली।
ये आत्मघाती कदम उठाने से पहले गोविन्द ने 3 वीडियो बनाये। इन वीडियो मे गोविन्द ने रोते हुए अपनी बेबसी जाहिर की और कुछ लोगो के नाम लेते हुए उन्हे अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया। देर रात गोविन्द के कमरे मे पहुंचे उसके भाई गौरव ने उसे मृत अवस्था मे देखा।
गोविंद की मौत की खबर मिलते ही परिजनो में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर भेजने के साथ ही परिजनो से जानकारी की। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि सिविल लाइन क्षेत्र के यादगारपुर में एक युवक द्वारा आत्महत्या का मामला संज्ञान में आया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक द्वारा बनाए गए वीडियो और परिजनों की तहरीर को जांच का आधार बनाया गया है। साक्ष्यों के आधार पर जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मृतक अपने पीछे पत्नी तनु, दो छोटे बच्चे, माता-पिता और भाई-भाभी का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गया है। बच्चों के सिर से पिता का साया उठने के बाद मोहल्ले में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।

