![]() |
| मृतक नेमचंद की फाइल फोटो व घटनास्थल पर जाँच करती पुलिस |
आज रविवार की सुबह जिला पीलीभीत के बीसलपुर थाना क्षेत्र मे एक व्यक्ति का अधजला शव पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए है। पुलिस मामले की जाँच मे जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज रविवार की सुबह थाना क्षेत्र के गांव गुलेंदा गोटिया निवासी पीआरडी जवान वीरपाल ने पुलिस को सूचना दी कि उसके भाई नेमचंद आयु 53 वर्ष का शव पड़ोसी गाँव मटेना के प्राथमिक विद्यालय के पास क्षतविक्षत अवस्था मे पड़ा हुआ है। शव के पास ही जली हुई पुआल का ढेर भी पड़ा था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक जाँच पड़ताल की और घटना के बारे मे जानकारी जुटाई। परिजनो ने बताया कि नेमचंद शराब पीने का आदि था और कल शनिवार की शाम लगभग 4 बजे घर से निकला था और देर रात तक घर वापस नही आया था। आज रविवार की सुबह उसका शव गाँव के प्राथमिक विद्यालय के पास क्षतविक्षत व पूरी तरह झुलसी हुई अवस्था मे पड़ा मिला।
उक्त मामले मे मृतक की पत्नी सरस्वती देवी द्वारा पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया गया कि कल शनिवार की शाम लगभग 4 बजे गांव निवासी एक व्यक्ति नेमचंद को घर से बुलाकर ले गया था। ये व्यक्ति नेमचंद को लेकर गाँव मटेना निवासी किसी व्यक्ति के घर गया था। सरस्वती देवी द्वारा दी गयी तहरीर मे कहा गया है कि इन दोनो लोगो ने ही शराब पिलाने के बाद उसके पति की हत्या की है।
पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही मामले की जाँच शुरू कर दी है। शुरुआती जाँच मे पुलिस इसे एक दुर्घटना मान रही है। शव के पास जला हुआ पुआल का ढेर मिलने पर आशंका जताई जा रही है कि ठंड से बचने के लिए नेमचंद मे पुआल के ढेर मे आग लगाई होगी और नशे की हालत मे होने के कारण इसकी चपेट मे आ गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह महज एक हादसा है या इसके पीछे कोई साजिश छिपी है।
थाना प्रभारी बीसलपुर संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया ये मामला शराब के नशे में आग तापने के दौरान हुए हादसे का लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)