चाँदपुर/जिला बिजनौर - क्षेत्र मे नही थम रहा गुलदार का आतंक, झाड़ियो से निकले गुलदार ने कांवड़िये पर किया हमला - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, फ़रवरी 12, 2026

चाँदपुर/जिला बिजनौर - क्षेत्र मे नही थम रहा गुलदार का आतंक, झाड़ियो से निकले गुलदार ने कांवड़िये पर किया हमला

www.newsindia17.com

जिला बिजनौर के चांदपुर क्षेत्र में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात चांदपुर-धनौरा मार्ग पर बागड़पुर के पास अपने शावक के साथ सड़क पर आये गुलदार ने एक कांवड़िए पर हमला कर दिया। सौभाग्य से कांवड़िया इस हमले में बाल-बाल बच गया, लेकिन इस घटना से क्षेत्र में भारी दहशत फैल गई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार अनूपशहर निवासी शिव भक्त कृष्ण कुमार हरिद्वार से गंगाजल लेकर चांदपुर-धनौरा मार्ग से गजरौला की ओर जा रहे थे। गाँव  बागड़पुर के पास पहुंचने पर अचानक झाड़ियों से निकलकर आये एक गुलदार और उसके शावक ने उन पर हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले से सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। घटना की सूचना एक वाहन चालक ने पास ही स्थित शिव सेवा शिविर (भंडारे) में दी। हमले की खबर मिलते ही शिवसेना (शिंदे गुट) के जिला प्रमुख चौधरी वीर सिंह दर्जनों ग्रामीणों के साथ लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। भीड़ और शिव भक्तों द्वारा किए गए शोर-शराबे के बाद गुलदार और उसका शावक जंगल की ओर भाग गए। इसके बाद चौधरी वीर सिंह ने सुरक्षा की दृष्टि से अपनी देखरेख में सभी कांवड़ियों को सुरक्षित आगे के लिए रवाना किया।


घटना की सूचना पुलिस और वन विभाग को तत्काल दी गई। थाना प्रभारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए, लेकिन वन विभाग की टीम करीब एक घंटे देरी से पहुंची। टीम के विलंब से पहुंचने पर शिवसेना जिला प्रमुख और ग्रामीणों ने कड़ा विरोध जताया और अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए।


चांदपुर रेंजर दुष्यंत सिंह ने बताया कि गुलदार और शावक के सड़क पर आने की पुष्टि हुई है। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया है। हालांकि, उन्होंने गुलदार द्वारा सीधे हमले  की बात से इनकार करते हुए इसे अचानक आमना-सामना होना बताया है। रेंजर ने कहा सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में आज ही पिंजरा लगाया जाएगा और गश्त बढ़ा दी गई है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

counter
अभी तक पाठक संख्या