हाफिजगंज/जिला बरेली - दहेज की भेंट चढ़ी एक और नवविवाहिता: शादी के तीन माह बाद ही फंदे से लटका मिला शव - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, मार्च 10, 2026

हाफिजगंज/जिला बरेली - दहेज की भेंट चढ़ी एक और नवविवाहिता: शादी के तीन माह बाद ही फंदे से लटका मिला शव

www.newsindia17.com
मौके पर जुटी भीड़ व इनसेट मे मृतका की फाइल फोटो  
जिला बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में कल सोमवार की रात एक नवविवाहिता का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिलने पर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत 6 लोगों पर दहेज के लिए हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जाँच मे जुटी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव सिथरा  निवासी पूजा आयु 18 वर्ष पुत्री तेजपाल की शादी गत 1 दिसंबर को गांव सुंडियावा निवासी भगवत सरन के साथ हुई थी। मृतका के मायके पक्ष वालो का आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही अतिरिक्त  दहेज की मांग करते हुए ससुराल पक्ष वालो ने पूजा को  प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। मृतका के पिता तेजपाल ने बताया कि ससुराल पक्ष द्वारा किये जा रहे उत्पीड़न से परेशान होकर पूजा अपने मायके आ गयी थी। कल सोमवार को ही पति भगवत सरन समझाकर पूजा को अपने साथ ले गया था। देर रात सूचना मिली की पूजा की मौत हो गयी है।

सूचना मिलते ही पूजा के मायके वाले मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि पूजा का शव दुपट्टे के सहारे बने फंदे से लटका हुआ है। मायके पक्ष का आरोप है कि रात मे पति भगवत सरन व ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यो ने पूजा के साथ मारपीट की और हत्या कर शव को फंदे के सहारे लटका दिया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और बारीकी से जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता ने दामाद भगवतसरन समेत परिवार के कुल छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी है।

थाना प्रभारी प्रवीन सिंह ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य संकलित किए हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने और परिजनों की तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।
 
conter12
अभी तक पाठक संख्या