![]() |
| शव हाईवे पर रख हंगामा करते परिजन व इनसेट मे मृतका की फाइल फोटो |
जिला अमरोहा के धनौरा तहसील क्षेत्र अंतर्गत गजरौला-चांदपुर स्टेट हाईवे पर कल सोमवार की रात उस समय अफरातफरी मच गयी जब प्रसव के बाद हुई महिला की मौत पर आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिजनों का आरोप है कि नर्सिंग होम के चिकित्सको की लापरवाही के कारण 25 वर्षीय महिला की जान गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के परिजनो को समझाने का प्रयास किया मगर वे अपनी जिद पर अड़े रहे। देर रात दोनो पक्षो के बीच हुए समझौते के बाद परिजन शव को साथ लेकर चले गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम जलीलपुर मूंगरा निवासी बबीता आयु 25 वर्ष पत्नी पुनीत को प्रसव पीड़ा होने पर रविवार सुबह नगर के कलाली चुंगी स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। यहाँ डॉक्टरों ने ऑपरेशन के जरिए प्रसव कराया था। बबीता ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद से ही बबीता की स्थिति सामान्य नहीं थी। उन्होंने कई बार डॉक्टरों को इसकी जानकारी दी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और उपचार में ढिलाई बरती।
कल सोमवार की शाम करीब सात बजे अचानक बबीता की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। आनन-फानन में नर्सिंग होम के डॉक्टरों ने उसे मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे एंबुलेंस से लेकर मुरादाबाद जा ही रहे थे कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का धैर्य जवाब दे गया। गुस्साए परिजन शव को लेकर वापस नर्सिंग होम पहुँचे और अस्पताल के बाहर जमकर नारेबाजी की। आक्रोश इतना बढ़ गया कि परिजनों ने गजरौला-चांदपुर स्टेट हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंस गए और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमरपाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन परिजन डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। देर रात तक चले हंगामे के बाद दोनो पक्षो के बीच समझौता होने के बाद परिजन शव लेकर चले गए।
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)