बदायूँ/उत्तर प्रदेश - पत्नी और ससुरालियों की प्रताड़ना आ चुके युवक ने किया जान देने का प्रयास, जहर खाकर पहुँचा पुलिस चौकी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, मार्च 12, 2026

बदायूँ/उत्तर प्रदेश - पत्नी और ससुरालियों की प्रताड़ना आ चुके युवक ने किया जान देने का प्रयास, जहर खाकर पहुँचा पुलिस चौकी

www.newsindia17.com

उत्तर प्रदेश के जिला बदायूँ से पत्नी व ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आ चुके एक 22 वर्षीय युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाये जाने का मामला प्रकाश में आया है। युवक ने चूहामार दवा खाकर जान देने की कोशिश की और इसके बाद वह लड़खड़ाते हुए खुद पुलिस चौकी पहुंच गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।


उक्त घटना सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के मंडी समिति पुलिस चौकी के पास स्थित गौरीशंकर मंदिर क्षेत्र की है। बताया गया कि रूपापुर गांव निवासी आलोक 22 वर्ष पुत्र राजेंद्र की शादी एक साल पहले मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत त्रिलोकपुर निवासी सुषमा देवी के साथ हुई थी।आलोक का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पत्नी और ससुराल वाले उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। अस्पताल में उपचाराधीन आलोक ने बताया कि उसकी पत्नी सुषमा होली के त्योहार पर अपने मायके गई थी। त्यौहार के बाद उसने पत्नी को फोन कर वापस घर आने को कहा था। बताया गया कि पत्नी ने आने से इंकार कर दिया और गाली गलौज भी की। आलोक के अनुसार सुषमा ने उसे अपने परिजनो से पिटवाने और दहेज एक्ट के झूठे मुकदमे मे फंसाने की धमकी दी।


आलोक के अनुसार सुषमा दो बार पहले भी मायके जा चुकी है और हर बार लम्बे समय रूककर समझौते के अनुसार ही वापस आयी थी। ससुराल पक्ष से मिल रही धमकियों से मानसिक रूप से टूट चुके आलोक ने गौरीशंकर मंदिर के पास चूहामार दवा का सेवन कर लिया। दवा खाने के बाद वह खुद मंडी समिति पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिसकर्मियों को अपनी आपबीती सुनाई। युवक की हालत देख पुलिस ने बिना देरी किए उसे जिला अस्पताल पहुंचाया आलोक ने पुलिस को बताया कि मेरी पत्नी, उसकी बहन और ससुराल के अन्य लोग मुझे लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। वे मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का हवाला देकर मुझे झूठे केस में फंसाने की धमकी देते हैं। पुलिसकर्मियो ने आलोक को उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।


जिला अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, समय पर इलाज मिलने के कारण आलोक की जान बच गई है और उसकी हालत अब स्थिर है। वहीं, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि युवक के बयानों के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

web counter free
 अभी तक पाठक संख्या