नाँगल सोती/जिला बिजनौर - गन्ने के खेत मे पड़ा मिला नर कंकाल, मचा हड़कंप, शिनाख्त के लिए होगा डीएनए टेस्ट - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, मार्च 12, 2026

नाँगल सोती/जिला बिजनौर - गन्ने के खेत मे पड़ा मिला नर कंकाल, मचा हड़कंप, शिनाख्त के लिए होगा डीएनए टेस्ट

www.newsindia17.com

जिला बिजनौर के नांगल सोती थाना क्षेत्र मे आज गुरुवार की दोपहर एक किसान के खेत मे नर कंकाल पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। कंकाल मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणो की भारी भीड़ जुट गयी। मौके पर पहुँची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाकर मामले की जाँच शरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव हरचंदपुर का निवासी घनश्याम आज दोपहर के समय खेतो की ओर गया था। घनश्याम ने ही सबसे पहले इस कंकाल को देखकर पुलिस को सूचना दी। कंकाल मिलने की सूचना प्राप्त होते ही थानाध्यक्ष अमर सिंह राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंची पुलिस को प्रारम्भिक जाँच के दौरान एक नर मुंड और शरीर की कुछ हड्डियों के अवशेष मिले है। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी बारीकी से जाँच कर साक्ष्य एकत्र किये।


सीओ नितेश प्रताप सिंह ने बताया कि कंकाल काफी पुराना प्रतीत हो रहा है, जिस कारण तत्काल पहचान कर पाना संभव नहीं हो सका। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्रित कर लैब भेज दिए हैं। कंकाल की शिनाख्त सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अब डीएनए जांच का सहारा लेगी। खेत में मिले अवशेषों को राजकीय जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।


इस मामले मे एसपी अभिषेक झा का कहना है कि प्राथमिक दृष्टि में यह अवशेष किसी पुरुष के प्रतीत हो रहे हैं। पोस्टमार्टम और डीएनए  रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह कंकाल कितना पुराना है और मौत की असल वजह क्या थी। एसपी के अनुसार पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी बढ़ा दी है। पिछले कुछ महीनों में क्षेत्र से लापता हुए व्यक्तियों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है ताकि कंकाल की कड़ी उनसे जोड़ी जा सके। पुलिस ने ग्रामीणों से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाने की कोशिश की है।


पुलिस प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद, इन अवशेषों का नियमानुसार अंतिम संस्कार किया जाएगा। फिलहाल, पुलिस मामले के हर पहलू पर बारीकी से नजर रख रही है।

counter
अभी तक पाठक संख्या