नहटौर/जिला बिजनौर - पुलिस व बदमाशो के बीच हुई मुठभेड़ मे 2 शातिर गौकश गिरफ्तार, अवैध शस्त्र व गौकशी के उपकरण बरामद - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, मार्च 21, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - पुलिस व बदमाशो के बीच हुई मुठभेड़ मे 2 शातिर गौकश गिरफ्तार, अवैध शस्त्र व गौकशी के उपकरण बरामद

www.newsindia17.com

जिला बिजनौर की नहटौर थाना पुलिस ने कल शुक्रवार की देर रात हुई मुठभेड़ के बाद दो शातिर गौकशो को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किये गए दोनो आरोपी मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने पर घायल हो गए। ये पूरा मामला थाना सहित के गाँव तुराबनगर स्थित गौशाला से जुड़ा है। चौंकाने वाली बात ये है कि गौकशी की इस साजिश मे सरकारी गौशाला का एक चौकीदार भी शामिल था। पुलिस ने चौकीदार को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज चुकी है।


पाठको को बताना उचित होगा कि थाना क्षेत्र के गाँव तुराबनगर स्थित गौशाला में कुल 110 गौवंश संरक्षित थे। गत  गुरुवार की सुबह गौशाला पहुंचे केयरटेकर दयाराम सिंह को गणना करने पर 108 गौवंश ही मिले थे। गौशाला से 2 गौवंशीय पशुओ के गायब होने का पता लगते ही क्षेत्र मे सनसनी फ़ैल गयी थी। तलाश करने पर गायब हुए इन गौवंशीय पशुओ के अवशेष पास के गाँव वाजिदपुर के जंगल मे पड़े मिले थे। गौवंशीय पशुओ के अवशेष मिलने पर ग्रामीणो मे आक्रोश फ़ैल गया था और पुलिस पर भी दबाब की स्थिति बन गयी थी।


मामले की संवेदनशीलता और क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए एएसपी पूर्वी अमित कुमार श्रीवास्तव, सीओ धामपुर अभय कुमार पांडेय, एसडीएम स्मृति मिश्रा, बीडीओ प्रताप सिंह और पशु चिकित्सा अधिकारी अनुराग चौधरी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। उच्च अधिकारियों ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर अधीनस्थ कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।


नहटौर पुलिस ने उक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियो की गिरफ्तारी हेतु मामले की गहनता से जाँच शुरू कर दी थी। पुलिस द्वारा की जा रही जांच में पता लगा था कि आरोपियों ने ग्राम तुरबनगर स्थित गौशाला के चौकीदार दयाराम के साथ मिलकर गोकशी की इस घटना को अंजाम दिया है। इसी दौरान पुलिस को पास के गाँव वाजिदपुर के जंगल में गोवंशीय अवशेष भी मिले थे। इन अवशेषों के कान में लगे टैग से यह स्पष्ट हो गया कि वे पशु इसी गौशाला के थे। पुलिस ने साजिश में शामिल होने के आरोप में चौकीदार दयाराम को 20 मार्च को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।


कल शुक्रवार रात लगभग 1 बजे नहटौर पुलिस की एक टीम बलदाना-इलाहाबास रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई देने पर पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। पुलिस टीम को देख बाइक सवारो ने मौके से भागने का प्रयास करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे मौके पर ही गिर पड़े। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।


गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान शाहबाज उर्फ गुल्लू पुत्र मुर्तजा, निवासी ग्राम गावड़ी पनियाला, थाना क्षेत्र नूरपुर और इमरान पउत्तर इक़बाल, निवासी हजरतनगर, थाना क्षेत्र नूरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे (315 बोर, तीन जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस, पशु वध करने के धारदार उपकरण, 3300 रुपये नकद और एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।


पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे आर्थिक लाभ के लिए गोवंश का कटान कर मांस बेचते थे। अभियुक्तो ने बताया कि उन्होंने ही तुराबनगर गौशाला के चौकीदार दयाराम को पैसे का लालच देकर गौवंशीय पशु उपलब्ध कराने की बात की थी। अभियुक्तो ने बताया कि उन्होंने ही गत 19 मार्च की रात गौशाला से मिले 2 गौवंशीय पशुओ का वध किया था और माँस बेच दिया था। गिरफ्तार किया गया मुख्य अभियुक्त शाहबाज उर्फ गुल्लू एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके खिलाफ नहटौर और नूरपुर थानों में गोवध निवारण अधिनियम, शस्त्र अधिनियम और बीएनएस की धाराओं के तहत आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इमरान का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड मिला है। सीओ धामपुर अभय कुमार पांडे ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दो गो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जवाबी फायरिंग में घायल हुए आरोपियों को उपचार के लिए सीएचसी नहटौर भेजा गया है। मामले में कड़ी विधिक कार्रवाई की जा रही है।

counter
अभी तक पाठक संख्या