मेरठ/उत्तर प्रदेश - पुलिस ने किया बड़े साइबर ठग नेटवर्क का भंडाफोड़, 3 शातिर ठग गिरफ्तार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, अप्रैल 15, 2026

मेरठ/उत्तर प्रदेश - पुलिस ने किया बड़े साइबर ठग नेटवर्क का भंडाफोड़, 3 शातिर ठग गिरफ्तार

www.newsindia17.com

जिला मेरठ की लालकुर्ती थाना पुलिस ने एक बड़े अंतर्राज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह भोले-भाले लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उनमें ठगी की रकम मंगाता था और बाद में उसे क्रिप्टोकरेंसी के जरिए विदेशों में बैठे आकाओं तक पहुंचाता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।


लालकुर्ती थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी गरीब और जरूरतमंद लोगों को पैसे का लालच देकर विभिन्न बैंकों में उनके खाते खुलवाते थे। इन खातों की पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड आरोपी अपने पास ही रखते थे। देशभर में साइबर ठगी से होने वाली अवैध कमाई को इन्हीं खातों में मंगाया जाता था। आरोपी अपना मोटा कमीशन काटकर शेष राशि को विदेशी ठगों को ट्रांसफर कर देते थे।


पुलिस जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। ठगी की गई रकम को भारत में खपाने के बजाय आरोपी इसे क्रिप्टोकरेंसी में बदल देते थे, जिससे इस पैसे को ट्रैक करना मुश्किल हो जाता था और इसे आसानी से विदेश भेजा जा सकता था। एनसीआरपी पोर्टल पर जांच करने पर पता चला कि इन आरोपियों के खिलाफ कई राज्यों मे  शिकायतें दर्ज हैं। गिरोह अब तक लगभग 100 बैंक खाते खुलवाकर करोड़ों की ठगी को अंजाम दे चुका है।


गिरफ्तार किये गए आरोपियो के नाम अरबाज उर्फ़ सोनू पुत्र अल्ताफ, निवासी प्रहलाद नगर, लिसाड़ी गेट, नबील अख्तर पुत्र नवेद, निवासी बुनकर नगर, इस्लामाबाद, हैदर पुत्र लियाकत अली, निवासी ब्रह्मपुरी है। पुलिस आरोपियो का लम्बा आपराधिक इतिहास रहा है। इन सभी के खिलाफ पूर्व मे भी धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज है। आरोपियो के कब्जे से 9 स्मार्टफोन, विभिन्न बैंको के 10 एटीएम कार्ड, उज्जीवन फाइनेंस बैंक की 1 पास बुक बरामद की गयी है।


आरोपियो को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम मे उप निरीक्षक गोपाल, रविंद्र सिंह बघेल, रंजीत शर्मा, वसीम, सचिन गंगवार और हेड कांस्टेबल उम्मीद खान की अहम भूमिका रही। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके विदेशी कनेक्शन की तलाश में जुटी है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या