![]() |
| मौके पर जाँच करती पुलिस व इनसेट मे मृतक की फाइल फोटो |
जिला रामपुर के केमरी थाना क्षेत्र मे दो दिन पूर्व लापता हुए 7 वर्षीय बच्चे का क्षतविक्षत शव आज गुरुवार की सुबह गेंहू के खेत मे पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। बच्चे का शव उसके घर से मात्र 300 मीटर दूर स्थित एक खेत मे पड़ा मिला है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ ही आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी की। ग्रामीणो व मृतक के परिजनो ने घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए बच्चे की हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही मामले की जाँच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव खेमपुर निवासी सुनील कुमार पेशे से कम्बाइन चालक है। गत मंगलवार को सुनील का 7 वर्षीय पुत्र शिवांश संदिग्ध परिस्तिथियो मे लापता हो गया था। गत मंगलवार को अम्बेडकर अवसर पर गांव में एक रैली निकाली गयी थी। शिवांश अपने पिता सुनील के साथ इस रैली मे गया था। इसी रैली के दौरान शिवांश लापता हो गया था। परिजनो ने शिवांश को काफी तलाशा मगर कुछ पता नही लग सका था। हताश हो चुके परिजनो ने केमरी थाने मे शिवांश की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद से पुलिस शिवांश की तलाश मे जुटी हुई थी।
आज गुरुवार की सुबह सुनील के घर से 300 मीटर दूर स्थित खेत मे गेंहू काटने पहुंची कम्बाइन के चालक ने बच्चे का शव पड़ा देख ग्रामीणो को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनो ने शव की शिनाख्त शिवांश के रूप मे की। शव की हालत देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। शव का नीचे का भाग गायब था और कीड़े लग चुके थे। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष केमरी हिमांशु चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा और एएसपी अनुराग सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधीनस्थो को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पुलिस को अम्बेडकर जयंती पर निकाली गयी रैली का एक वीडियो मिला है। इस वीडियो में शिवांश एक अज्ञात युवक के साथ जाता दिखाई दे रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुला लिया गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। डॉग स्क्वायड की मदद से हत्यारों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
शिवांश का शव मिलने के बाद से परिजनो का रो रोकर बुरा हाल है। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मासूम के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर फांसी की सजा दी जाए। ग्रामीणों का कहना है कि सात साल के मासूम की किसी से क्या दुश्मनी हो सकती है जो इतनी निर्ममता से उसकी जान ले ली गई।
एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है, जो विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही हैं।
.png)
