जिला सम्भल के धनारी थाना क्षेत्र से प्रेम प्रसंग के चलते पति की हत्या किये जाने का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ एक महिला ने प्रेम प्रसंग मे बाधा बन रहे अपने पति की समधी के साथ मिलकर हत्या कर दी। इस हत्याकांड के पीछे का कारण महिला व उसके समधी के प्रेम सम्बन्ध बताये जा रहे है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मात्र 24 घंटे के भीतर आरोपी महिला व उसके समधी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पाठको को बताना उचित होगा कि थाना क्षेत्र के गाँव भिरावटी निवासी किसान नरेश आयु 45 वर्ष पुत्र पनेश्वरी का शव कल बुधवार की सुबह उसके ही खेत मे पड़ा मिला था। नरेश का शव खेत मे पड़ा मिलने पर गाँव मे हड़कंप मच गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही मामले की जाँच शुरू कर दी थी। शुरुआती पूछताछ के दौरान नरेश की पत्नी शीला ने अपने चचेरे देवर पर हत्या का आरोप लगाते हुए इसे पुरानी रंजिश के चलते हुई घटना का रूप देने की कोशिश की थी। शक होने पर पुलिस ने शीला व समधी सत्यपाल, निवासी गाँव उधरनपुर अजमतनगर को हिरासत मे लेकर पूछताछ शुरू कर दी थी।
आज गुरुवार शाम पुलिस लाइन बहजोई मे आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने घटना का खुलासा किया। इस दौरान एएसपी दक्षिणी मनोज कुमार रावत व सीओ डा0 प्रदीप कुमार भी मौजूद रहे। एसपी ने बताया कि मृतक की पत्नी शीला व उसके समधी को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा की जा रही जाँच मे पता लगा कि आरोपी सत्यपाल की पत्नी का कई वर्ष पहले निधन हो चुका था। इसके बाद से ही नरेश की पत्नी शीला और सत्यपाल के बीच प्रेम संबंध बन गए थे। नरेश को इस रिश्ते का पता चल गया था और वह इसका विरोध करता था। प्रेम प्रसंग में बाधा बन रहे नरेश को रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई थी।
पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ में शीला टूट गयी और अपना जुर्म कबूल कर लिया। शीला ने बताया कि उसका पति अक्सर खेत पर ही रहता था। गत मंगलवार रात 10 बजे वह पति को खाना देने के बाद घर वापस आ गयी थी। पूर्व निर्धारित योजना के मुताबिक देर रात शीला और सत्यपाल फिर से खेत पर गए और नरेश की गला दबाकर हत्या कर दी। अगले दिन बुधवार सुबह शीला ने नाटक रचा कि उसका पति सुबह 4 बजे तक घर नहीं लौटा है और अन्य परिजनों को भी सूचना दी।
शुरुआती पूछताछ मे महिला ने आपसी रंजिश के चलते अपने देवर को फंसाना चाहा, लेकिन ग्रामीणों से पूछताछ और पुलिस की तफ्तीश में शीला की बातों में विरोधाभास मिला। पुलिस द्वारा सख्ती से की गयी पूछताछ मे उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। अभियुक्तो का सुसंगत धाराओ मे चालान कर जेल भेज दिया गया है।
.jpg)
