जिला रामपुर के बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ ससुराल आये एक युवक ने पत्नी के साथ हुए विवाद के बाद सल्फास खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। युवक की हालत बिगड़ती देख ससुराल पक्ष ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची यूपी 112 की टीम ने युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला बिजनौर के थाना अफजलगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामुनवाला निवासी संदीप आयु 35 वर्ष पुत्र हरभजन की ससुराल बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र के कारगिल शहीद गांव (नवाबगंज) में है। संदीप की पत्नी रंजना चार-पांच दिन पहले अपने दोनो बच्चों को लेकर मायके आ गयी थी। आज गुरुवार दोपहर को संदीप अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने ससुराल पहुंचा था।
इसी दौरान देर शाम किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच बहस शुरू हो गई। इस बहस ने देखते ही देखते विवाद का रूप ले लिया और संदीप ने जेब में रखा सल्फास निकाल कर खा लिया। इसके कुछ देर बाद ही संदीप की तबीयत बिगड़ने लगी और वह छटपटाने लगा। दामाद की यह स्थिति देख ससुराल वालों के हाथ-पांव फूल गए और उन्होंने बिना वक्त गंवाए स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पीआरवी 112 की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए संदीप को तत्काल बिलासपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सीएचसी प्रभारी डा0 मणिक अग्रवाल ने बताया कि युवक ने जहरीला पदार्थ खाया है। उसे प्राथमिक उपचार तो दिया गया है लेकिन स्थिति गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल युवक की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
संदीप के ससुर तारा सिंह ने पुलिस को बताया कि पति -पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अनबन हुई थी। पत्नी रंजना ने बताया कि उसकी शादी को लगभग 8 साल हो चुके हैं और दो छोटे बच्चे भी हैं। रंजना के मुताबिक संदीप इतालवी भाषा के जानकार हैं और वह घर से ही विदेशी पर्यटकों को ऑनलाइन सुविधाएं और गाइडेंस देने का काम करते हैं। रंजना ने यह भी आरोप लगाया कि संदीप बात-बात पर उनके साथ झगड़ा करते हैं और अक्सर जान देने की धमकी दिया करते हैं। गुरुवार को भी उन्होंने मायके आकर विवाद किया और अचानक सल्फास का सेवन कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक बिलासपुर जीत सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम जांच में जुट गई है। इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत या तहरीर नहीं मिली है। लिखित शिकायत मिलने और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
](https://blogger.googleusercontent.com/img/b/R29vZ2xl/AVvXsEihQ7Cp5_uM27vlR3tpKBKpj-5M51B2RlfcqpfknRjP-DY9sEESJcPdZYPMBaH1Qo1DFbIkHvOy4d0Qv-B_ov3wlj2lRX0Iig8Xk6rsoXGvqy1iBXNlyy-KuqjrkROvl8WHz0fogZvDNBVjOc47ffO72VNGf5_y86sQoi8X7oRa0WSf8mGn-WCejiyey1c/w640-h442-rw/Gemini_Generated_Image_b4fq3b4fq3b4fq3b%20(1).png)
