जिला मेरठ के मवाना थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मवाना पुलिस ने आज शनिवार की शाम मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए गंगनहर पटरी किनारे स्थित एक होटल से एक महिला और दो युवकों को संदिग्ध परिस्थितियों में हिरासत में लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद से क्षेत्र मे हड़कंप मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मवाना पुलिस को गंगनहर किनारे स्थित होटल वेलकम इन में अनैतिक और संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचनाएं लगातार मिल रही थीं। आज शनिवार शाम पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली कि होटल के एक कमरे में कुछ संदिग्ध गतिविधि चल रही है। सूचना मिलते ही मवाना थाना पुलिस की एक विशेष टीम ने तत्काल मौके पर धावा बोल दिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम द्वारा एंट्री रजिस्टर और आगंतुकों के पहचान पत्र मांगे जाने पर होटल प्रबंधन के हाथ-पांव फूल गए। होटल प्रबंधन द्वारा इस सम्बन्ध में कोई भी संतोषजनक रिकॉर्ड या वैध दस्तावेज पेश नहीं किया जा सका। बिना किसी कागजी प्रविष्टि के कमरा आवंटित किए जाने को पुलिस ने बेहद गंभीरता से लिया है।
पुलिस द्वारा कमरो की तलाशी लिए जाने के दौरान एक बंद कमरे मे दो युवक व एक महिला आपत्तिजनक व संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। पुलिस ने तीनों को तुरंत हिरासत में ले लिया। इसके साथ ही मौके से एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है, जिसका कोई वैध स्वामी मौके पर स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर सीज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हिरासत में लिए गए तीनों व्यक्तियों को पुलिस वाहन से मवाना थाने लाया गया है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि क्षेत्र में स्थित कई होटलों में नियमों को ताक पर रखकर बिना पहचान सत्यापन के चंद रुपयों के लालच में कमरा देने का खेल लंबे समय से चल रहा है। इस छापेमारी के बाद पुलिस ने होटल 'वेलकम इन' के संचालन से जुड़े सभी वैधानिक लाइसेंस, सराय एक्ट का पंजीकरण और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच तेज कर दी है।
होटल में आने वाले ग्राहकों के रैंडम वेरिफिकेशन और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि होटल संचालक नियमों के उल्लंघन का दोषी पाया जाता है, तो होटल को सील करने और संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। फिलहाल मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

