नहटौर/जिला बिजनौर - श्मशान घाट मे पड़ा मिला 5 दिन पूर्व लापता हुए युवक का शव, परिजनो ने लगाया हत्या का आरोप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, जून 04, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - श्मशान घाट मे पड़ा मिला 5 दिन पूर्व लापता हुए युवक का शव, परिजनो ने लगाया हत्या का आरोप

https://newsindia17.com/bijnor-nahatpur-missing-youth-body-found-in-cremation-ground-family-alleges-murder/

जिला बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ गत 5 दिन पूर्व लापता हुए एक युवक का शव आज गुरुवार की सुबह गाँव के ही शमशान घाट मे पड़ा मिला। युवक का शव पड़ा मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र मे हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गयी। मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनो ने हत्या कर शव को यहाँ फेंके जाने का आरोप लगाया है। फ़िलहाल पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया है।


पाठको को बताना उचित होगा कि थाना क्षेत्र के गांव पाडली मांडू का निवासी शुभम सैनी आयु 25 वर्ष पुत्र ओमप्रकाश सैनी गत 5 दिन पूर्व अचानक ही लापता हो गया था। युवक के लापता होने के बाद से परिजन काफी परेशान थे और हर सम्भव स्थान पर उसको तलाश रहे थे। इस सबके बाद भी शुभम का कोई सुराग नही मिल सका था। आज सुबह खेतो की ओर जा रहे कुछ ग्रामीणो ने शमशान घाट मे एक युवक का शव पड़ा देख अन्य को सूचित किया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गयी।


शुभम की तलाश मे जुटे परिजनो की भागदौड़ आज गुरुवार की सुबह एक गाँव के श्मशान घाट मे पड़े मिले शव की शिनाख्त के साथ समाप्त हुई। मृतक के परिजनो ने हत्या कर शव को यहाँ फेंके जाने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों ने शुभम की मौत को सामान्य मानने से साफ इनकार कर दिया है। पिता ओमप्रकाश और अन्य परिजनों का आरोप है कि शुभम की किसी ने बेरहमी से हत्या की है।


घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और आला अधिकारी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम को मौके पर बुलाया। फॉरेंसिक टीम ने शव के आसपास और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य व नमूने एकत्र किए हैं।


इस पूरे मामले पर क्षेत्राधिकारी धामपुर, अभय कुमार पांडेय ने बताया कि युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी थी। परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए तहरीर दी है। पुलिस सभी पहलुओं और रंजिश समेत हर एंगल को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।


इस घटना के बाद से पाडली मांडू गांव में तनाव और शोक का माहौल है। ग्रामीण जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या