चाँदपुर/जिला बिजनौर - बुआ के घर जाने से मना करने पर भड़का शौहर, देर रात जंगल में चाकू से काट डाली गर्दन - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, जून 05, 2026

चाँदपुर/जिला बिजनौर - बुआ के घर जाने से मना करने पर भड़का शौहर, देर रात जंगल में चाकू से काट डाली गर्दन

https://newsindia17.com/bijnor-chandpur-husband-slits-wifes-throat-with-knife-in-forest-over-relative-visit-dispute/

जिला बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ छोटी सी बात पर हुए विवाद के बाद आपा खो चुके पति ने अपनी पत्नी की गर्दन पर ही चाकू से हमला कर दिया। इतना ही नही इस जानलेवा हमले मे घायल हुई पत्नी को बीच रास्ते जंगल मे ही छोड़कर फरार हो गया। किसी तरह घर पहुंची पीड़िता ने परिजनो को आपबीती कह सुनाई। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है व अग्रिम कार्रवाई मे जुटी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता रुखसार अपने पति नासिर व 3 बच्चो के साथ चांदपुर के मोहल्ला शाहचंदन मे एक किराये के मकान मे रहती है। हाल ही मे वह अपने पति नासिर के  साथ मेरठ एक रिश्तेदार के यहाँ गयी थी। बताया गया कि मेरठ मे रहने के दौरान नासिर भी अपनी फुफ्फो (बुआ) के यहाँ जाना चाहता था मगर रुखसार ने वहाँ जाने से इंकार कर दिया था। इसी को लेकर दोनो के बीच तीखी बहस हुई थी और तनातनी हो गयी थी।


कल देर रात जब मेरठ से वापस चांदपुर आते समय नासिर गाड़ी को मुख्य मार्ग से हटाकर जंगल के एक सूनसान व कच्चे रास्ते की तरफ ले गया। रास्ते के अंधेरे और एकांत का फायदा उठाकर नासिर ने अचानक जेब से धारदार चाकू निकाला और रुकसार की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। रुकसार के संभलने से पहले ही उसकी गर्दन से खून का फव्वारा फूट पड़ा। पत्नी को लहूलुहान और मरणासन्न हालत में छोड़कर आरोपी नासिर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला।


गर्दन पर गहरा घाव होने के बावजूद रुकसार ने हिम्मत नहीं हारी। वह आधी रात को लहूलुहान हालत में किसी तरह रेंगते और संभलते हुए अपने घर तक पहुंची और बदहवास हालत में परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई।रुकसार की हालत देख परिजनों के होश उड़ गए। वे उसे तुरंत आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर भागे। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर खून बहने से रोका, लेकिन गर्दन का जख्म काफी गहरा होने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रुकसार को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।


थाना चांदपुर प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह ने वारदात की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का बयान दर्ज किया है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तरफ से लिखित तहरीर मिलते ही जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। फरार आरोपी पति नासिर की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं, उसे जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या