जिला बदायूँ की हजरतपुर थाना पुलिस ने कल सोमवार की देर रात हुई मुठभेड़ के बाद एक शातिर अंतरजनपदीय पशु चोर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किया गया बदमाश मुठभेड़ के दौरान दोनो पैरो मे गोली लगने पर गंभीर रूप से घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली लगने पर पुलिस का भी एक सिपाही घायल हुआ है। पुलिस ने गिरफ्तार किये गए बदमाश के पास से तमंचा, कारतूस व चोरी की गयी भैंस बेचकर कमाई गयी नकदी बरामद की है।
बताया गया कि उक्त पूरा मामला थाना क्षेत्र के ग्राम रैपुरा से जुड़ा है, जहाँ बीते 17/18 मई की रात अज्ञात चोरों ने एक किसान की भैंस चोरी कर ली थी। इस संबंध में पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चोरों की तलाश के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। सीओ दातागंज राहुल पांडेय ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार रात हजरतपुर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि रैपुरा भैंस चोरी की वारदात में शामिल कुछ संदिग्ध अपराधी जमालपुर से गढ़िया शाहपुर रोड की तरफ किसी नई वारदात को अंजाम देने के इरादे से जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की और मौके पर जाकर संदिग्ध वाहनो व व्यक्तियो की जाँच शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस टीम द्वारा रूकने का इशारा करने पर कुछ संदिग्ध मौके से भागने लगे। पुलिस टीम ने इनका पीछा करना शुरू कर दिया। पुलिस टीम को आता देख एक बदमाश ने तमंचा निकालकर सीधे फायरिंग शुरू कर दी। बदमाश द्वारा चलाई गयी ये गोली सिपाही जितेंद्र सिंह को जा लगी और गंभीर घायल हो गए।
सिपाही को गोली लगने के बाद पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। पुलिस की ओर से चली गोलियों में मुख्य आरोपी पप्पू उर्फ पापू उर्फ साजन के दोनों पैरों में गोली लगने पर गंभीर घायल हो गया। वह तड़पकर वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया, जबकि उसके कुछ साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस ने घायल सिपाही जितेंद्र और पैर में गोली लगने से जख्मी हुए बदमाश पप्पू को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
गिरफ्तार किये गए आरोपी पप्पू ने बताया कि वह मूल रूप से कासगंज जिले का निवासी है। उसने कुबूल किया कि अपने साथियों के साथ मिलकर उसने ही रैपुरा गांव में भैंस चोरी की घटना को अंजाम दिया था और वह लंबे समय से एक संगठित गिरोह बनाकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पशु चोरी कर रहा है। पुलिस ने गिरफ्तार किये गए आरोपी के पास से एक तमंचा, ज़िंदा कारतूस, खोखा कारतूस और चोरी की गयी भैंस बेचने पर मिले 5200 रुपए की नकदी प्राप्त की है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया पप्पू एक बेहद शातिर और हिस्ट्रीशीटर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ अमरोहा, अलीगढ़ और कासगंज समेत कई जिलों में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के दर्जनों संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

