जिला बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र से एक मदरसे के हिसाब किताब को लेकर दो गुटो के बीच विवाद व मारपीट होने का मामला प्रकाश मे आया है। दो गुटो के बीच हुई इस मारपीट मे दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए है। मामूली विवाद के बाद हुई मारपीट के चलते गाँव मे अफरातफरी मच गयी और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव सलारपुर शफ्फक्तपुर स्थित मदरसे का हिसाब-किताब लंबे समय से खुर्शीद अहमद नाम के व्यक्ति देख रहे थे। अब करीब एक महीने पहले ग्रामीणों और प्रबंधकों की सहमति से यह जिम्मेदारी इंतजार अहमद को सौंप दी गई थी। इसी के बाद से दोनों पक्षों के बीच अंदरूनी खींचतान चल रही थी।आज शनिवार दोपहर इसी बात को लेकर खुर्शीद और इंतजार अहमद पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। शुरुआत में दोनों ओर से तीखी नोकझोंक हुई, लेकिन देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि लाठी-डंडे और मारपीट शुरू हो गई। इस हंगामे और शोर-शराबे को सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस हिंसक झड़प में दोनों ही पक्षों को चोटें आई हैं। पहले पक्ष से इस्तेफाक अहमद और दूसरे पक्ष से गुलफाम अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही नहटौर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत नहटौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
इस पूरे मामले ने तब एक नया और दिलचस्प मोड़ ले लिया, जब इंतजार अहमद पक्ष की ओर से एक बड़ा दावा किया गया। उनके पक्ष का कहना है कि उनके पास घटना के ठीक बाद का एक वीडियो मौजूद है। दावा किया जा रहा है कि इस वीडियो में घायल बताए जा रहे गुलफाम अहमद बिल्कुल सामान्य स्थिति में बाइक पर बैठे नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के दावे के बाद गांव में इस बात की चर्चाएं तेज हो गई हैं कि क्या चोटें वाकई गंभीर हैं या मामले को जानबूझकर बड़ा रूप देने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अब इस वीडियो की सत्यता की भी जांच कर रही है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बेहद सतर्कता बरत रही है। पुलिस टीम ने अस्पताल पहुँचकर घायलों के बयान दर्ज किए हैं और अस्पताल परिसर व आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा सके। प्रभारी निरीक्षक नहटौर रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सलारपुर शफ्फकतपुर गांव में मदरसे के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को शांत कराया। दोनों पक्षों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं और एक वीडियो का भी जिक्र सामने आया है। उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और वीडियो की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
