जिला बरेली की भोजीपुरा थाना पुलिस ने कल सोमवार की देर रात हुई मुठभेड़ के बाद 20 हजार रूपये के इनामी अपराधी जाहिद उर्फ़ अंडा को घायल अवस्था मे गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी अँधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार होने मे कामयाब रहा। इस मुठभेड़ के दौरान बदमाशो की ओर से की गयी फायरिंग मे एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। पुलिस टीमें फरार हुए बदमाश की तलाश मे लगातार दबिश दे रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल सोमवार की देर रात थाना क्षेत्र की धौरटांडा पुलिस चौकी प्रभारी पवन कुमार अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गौकशी के मामलों में वांछित एवं 20 हजार रुपये का इनामी अपराधी जाहिद क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घुरसमसपुर रोड पर घेराबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।
देर रात करीब 1:10 बजे बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को देख पुलिस टीम ने रूकने का इशारा किया। बाइक सवारो ने पुलिस को देख मौके से भागने का प्रयास किया और फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में आरक्षी विकास घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली जाहिद के दाहिने पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी जाहिद उर्फ अंडा नवाबगंज क्षेत्र के टाह प्यारी नवादा गांव का रहने वाला है और वर्तमान में धौरा टांडा इलाके में रह रहा था। उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट तथा हत्या के प्रयास समेत छह गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मौके से पुलिस ने एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपी अजीम की तलाश के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कुंवर बहादुर सिंह, चौकी प्रभारी पवन कुमार, सर्विलांस टीम एवं भोजीपुरा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

