![]() |
| एआई जनरेटेड व वास्तविक चित्र |
जिला बिजनौर के चाँदपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है। यहाँ कथित प्रेम सम्बन्धो का विरोध करने पर एक युवक की बेदर्दी से हत्या कर दी गयी। इस मामले मे मृतक युवक की पत्नी पर ही हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस को इस मामले मे अहम सुराग मृतक के 5 वर्षीय पुत्र से मिला। 5 वर्षीय पुत्र ने पुलिस को दिए गए बयान मे अपनी माँ पर ही पिता की हत्या किये जाने का आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव नाईपुरा निवासी कुमरसेन आयु 26 वर्ष की शादी लगभग 7 वर्ष पूर्व कामेन्द्री के साथ हुई थी। कुंवरसेन एक पास 4 बीघा जमीन थी और इसी पर खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन पोषण कर रहा था। ग्रामीणो व परिजनो का आरोप है कि कामेन्द्री का अपने पति के भांजे गौतम निवासी गाँव शेरपुर कोठी, जिला अमरोहा के साथ लम्बे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुंवरसेन इन प्रेम सम्बन्धो का लगातार विरोध कर रहा था और इसको लेकर पति पत्नी के बीच आये दिन विवाद होता रहता था। पूर्व ग्राम प्रधान खचेडू सिंह ने बताया कि कुंवरसेन की अनुपस्थिति में गौतम अक्सर कामेन्द्री से मिलने आता रहता था। इसकी जानकारी होने कुंवरसेन व कामेन्द्री के बीच विवाद भी हुआ था।
.
बताया गया कि कल बुधवार की सुबह भी पति -पत्नी के बीच तीखा विवाद और मारपीट हुई थी। इस विवाद के बाद देर शाम कामेन्द्री ने अन्य परिजनो को सूचना दी कि कुंवरसेन की अचानक ही तबियत ख़राब हो गयी है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और देखा कि कुंवरसेन चारपाई पर मृत अवस्था मे पड़ा हुआ था। शुरुआत में परिजनों ने इसे सामान्य मौत समझा, लेकिन पड़ोसियों की सूचना पर देर रात मौके पर पहुंची पुलिस को शव का निरीक्षण किये जाने पर सिर और पैरों पर गंभीर चोटों के निशान मिले। पुलिस को संदेह हुआ कि युवक की मौत स्वाभाविक नहीं बल्कि हत्या का मामला हो सकता है।
मामले में उस समय नया मोड़ आ गया जब पुलिस अधिकारियों ने मृतक के 5 वर्षीय बेटे हिमांशु से बातचीत की। बच्चे ने पुलिस को बताया कि उसकी मां ने ही उसके पिता को मारा था और उनके चेहरे पर तकिया रख दिया था। बच्चे के इस बयान के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान महिला बार-बार बेहोश होने का नाटक करती रही, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया। पुलिस अब कथित प्रेमी की भी तलाश कर रही है और उसके संभावित रोल की जांच की जा रही है।
सीओ चाँदपुर देश दीपक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी। साथ ही बच्चे के बयान और अन्य साक्ष्यों का मिलान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

