नहटौर थाना क्षेत्र निवासी एक युवक व युवती के बीच गत 8 वर्षो से चल रहे प्रेम प्रसंग ने आज रविवार को उस समय एक नया मोड़ ले लिया जब प्रेमी के घर पहुँची प्रेमिका ने अपनी मांग में सिन्दूर भर लिया। इतना ही नही युवती खुद को युवक की पत्नी बताते हुए साथ रहने की जिद पर अड़ गयी। मामला अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने के कारण कुछ समय के लिए तनाव व्याप्त हो गया। बाद मे पुलिस की मौजूदगी और दोनों परिवारों की सहमति से विवाद शांतिपूर्ण ढंग से सुलझ गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती का अपने ही गाँव निवासी दूसरे समुदाय के युवक के साथ करीब आठ वर्षों से प्रेम संबंध था। तीन वर्ष पहले इस बारे मे जानकारी होने पर युवती के परिजनों ने उसका निकाह दूसरी जगह तय करा दिया था। मगर प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी युवती ने इस निकाह को स्वीकार नहीं किया था और कुछ समय बाद मायके लौट आई थी। युवती तब से अपने मायके मे ही रह रही थी।
आज रविवार की सुबह युवती को जानकारी मिली कि प्रेमी के परिजन उसकी शादी कहीं और तय कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वह सीधे युवक के घर पहुंची और अपनी माँग मे सिंदूर भरकर उसकी पत्नी होने का दावा करते हुए वहीं रहने पर अड़ गई।
युवती द्वारा की गयी इस हरकत के चलते मामला संवेदनशील हो गया और गाँव मे चर्चा का विषय बन गया। मौके पर पहुँचे परिजनों और स्थानीय लोगों ने युवती को समझाने का प्रयास किया, मगर वह अपने निर्णय पर कायम रही। बाद में युवती ने स्वयं डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाकर बातचीत शुरू कराई। कुछ ही देर में दोनों परिवारों के सदस्य भी थाने पहुंच गए। काफी देर तक चली बातचीत के बाद दोनों परिवारों के बीच सहमति बन गई और प्रेमी युगल के रिश्ते को स्वीकार कर लिया गया।
प्रभारी निरीक्षक नहटौर रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाद का समाधान कर लिया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई कानूनी शिकायत नहीं दी गई है और मामला शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गया।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

