गत 21 जून की देर रात आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाना परिसर मे आत्मदाह करने वाली दुष्कर्म पीड़िता की उपचार के दौरान हुई मौत के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी सेना के जवान सौरभ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले मे 3 आरोपियो को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज चुकी है।
पाठको को बताना उचित होगा कि थाना क्षेत्र निवासी एक युवती ने गत 21 जून की रात बिजनौर नगर कोतवाली परिसर में खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली थी। इस हादसे में गंभीर रूप से झुलसी युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहाँ हालत बिगड़ने पर उसे मेरठ और बाद में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया था। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल मे कल मंगलवार को उपचार के दौरान युवती की मौत हो गई।
पीड़िता का शव मंगलवार देर रात एंबुलेंस के जरिए उसके पैतृक गांव पहुंचा। शव के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन एकत्र हो गए। इस दौरान पूरे गांव में शोक का माहौल रहा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
दूसरी ओर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। गांव से लेकर गंगा बैराज स्थित श्मशान घाट तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की मौजूदगी में पीड़िता का अंतिम संस्कार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।
इस मामले मे पीड़िता की मां द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर सेना के जवान सौरभ व उसके भाई समेत कुल 6 आरोपियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी की मां मनोज, चाचा कलवा तथा पीड़िता की रिश्ते की चाची निकिता उर्फ निक्की को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
पुलिस ने आज गुरुवार को मुख्य आरोपी सेना के जवान सौरभ पुत्र संजय निवासी स्वहेड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
