जिला बरेली की भोजीपुरा थाना पुलिस ने गत दिनो हुई ऑटो लूट की घटना का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले मे दो आरोपियो को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ मे आरोपियो ने कबूल किया कि महंगे शौक पूरे करने और गर्लफ्रेंड पर पैसे खर्च करने के लिए उन्होंने अपने साथी के साथ मिलकर ऑटो लूटने की योजना बनाई थी। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया ऑटो, 315 बोर का तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और आधार कार्ड की रंगीन प्रति बरामद की है, जबकि तीसरा आरोपी अभी फरार है।
पाठको को बताना उचित होगा कि गत 27 अगस्त को सुभाषनगर निवासी ऑटो चालक सग्गन ने भोजीपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि जादौपुर जाने के बहाने तीन युवकों ने उनका ऑटो बुक किया और सुनसान रास्ते में मारपीट कर वाहन लूट लिया। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। तड़के सेमीखेड़ा–बरौर मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर पुलिस ने विशाल उर्फ छोटू और भारत रत्न को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी थाना देवरनिया क्षेत्र के सेमीखेड़ा गांव के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने पहले से वारदात की पूरी योजना तैयार की थी। तीनों ने सिटी स्टेशन से ऑटो किराये पर लिया और रास्ते में सुनसान स्थान देखकर चालक पर लोहे के बाट से हमला कर दिया। इसके बाद गमछे से गला दबाकर चालक को सड़क किनारे फेंक दिया और ऑटो लेकर फरार हो गए। लूट के बाद आरोपियों ने ऑटो को अपनी दुकानों में छिपाकर रखा था। पुलिस के अनुसार शनिवार को वे वाहन को ठिकाने लगाने की फिराक में निकले थे, तभी घेराबंदी के दौरान दोनों पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने ऑटो रिक्शा UP 25 JT 0829, एक 315 बोर का अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस तथा आधार कार्ड की रंगीन प्रति बरामद की है। बरामदगी के आधार पर दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं। एसपी उत्तरी मुकेश चंद मिश्र ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं फरार आरोपी शिवम उर्फ डब्बीलाल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

