कुढ़फतेहगढ़/जिला सम्भल - रक्षाबंधन मनाकर ससुराल से आ रहे दंपत्ति से लूट, तमंचे के बल पर नकदी, जेवर व स्मार्टफोन लूटा, एक बदमाश को ग्रामीणो ने दबोचा - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, अगस्त 29, 2026

कुढ़फतेहगढ़/जिला सम्भल - रक्षाबंधन मनाकर ससुराल से आ रहे दंपत्ति से लूट, तमंचे के बल पर नकदी, जेवर व स्मार्टफोन लूटा, एक बदमाश को ग्रामीणो ने दबोचा

https://newsindia17.com/kudhfatehgarh-sambhal-rakshabandhan-par-lout-rahe-dampatti-se-loot-tamche-ke-bal-par-jewar-nakdi-smartphone-ek-badmash-pakda

जिला सम्भल के कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र से रक्षा बंधन का त्यौहार मनाकर ससुराल से लौट थे बाइक सवार दंपत्ति को लूट लिए जाने का मामला प्रकाश मे आया है। बताया गया कि थाना क्षेत्र के गाँव डारनी के पास घात लगाकर बैठे बदमाशो ने बाइक सामने डंडा फेंक दंपत्ति को रोक लिया और तमंचे के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया। बताया गया कि बदमाशो ने दंपत्ति से करीब पांच हजार रुपये नकद, स्मार्टफोन और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए।


उक्त घटना कल शुक्रवार रात करीब 8:20 बजे की बताई जा रही है। वारदात के दौरान दंपति के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों को आता देखकर बदमाश भागने लगे, लेकिन उनका एक साथी शराब के नशे में होने के कारण मौके से फरार नहीं हो सका। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनू निवासी ग्राम कोररा, थाना क्षेत्र फैजगंज बेहटा रक्षाबंधन का त्योहार मनाने मुरादाबाद के बिलारी थाना क्षेत्र स्थित सायपुर गांव में अपनी ससुराल गया था। रात में दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान डारनी बिजली घर के पास सुनसान रास्ते पर पहले से घात लगाए बैठे तीन बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली। अंशु के मुताबिक बदमाशों ने उनकी गाड़ी के आगे डंडा फेंक दिया जिसके कारण उन्हें बाइक रोकनी पड़ी। इसके बाद बदमाशों ने दंपति के साथ मारपीट की और तमंचे कनपटी पर लगाकर डराया-धमकाया।बदमाशों ने सोनू से करीब 5 हजार रुपये नकद और उसका स्मार्टफोन छीन लिया। इसके बाद उसकी पत्नी अंशु के आभूषण भी उतरवा लिए। पीड़िता के अनुसार बदमाश सोने की लॉन्ग, चांदी की पायल, दो सोने की लर, दो सोने की अंगूठियां, चांदी का गुच्छा, सोने की तबाजिया और सोने के कुंडल लेकर फरार होने की कोशिश करने लगे।पीड़ित दंपति का कहना है कि बदमाशों ने करीब एक घंटे तक उन्हें परेशान किया और उनके साथ मारपीट व अभद्रता की।


इसी दौरान दंपति की चीख-पुकार सुनकर कुछ ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों को देखकर बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। शराब के नशे में धुत एक आरोपी अपने साथियों के साथ भाग नहीं सका। ग्रामीणों ने उसे दबोच लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही लेपर्ड पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। घटना के बाद पीड़ित दंपति और बड़ी संख्या में ग्रामीण देर रात तक कुढ़ फतेहगढ़ थाने में मौजूद रहे। करीब 11:30 बजे तक थाने पर लोगों की भीड़ लगी रही। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से उसके फरार साथियों के बारे में जानकारी जुटाई।


थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि दंपति से जेवर और अन्य सामान लूटे जाने की घटना सामने आई है। ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस ने आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन भी चलाया, हालांकि फरार आरोपियों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच के साथ लूटे गए सामान और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों की जानकारी जुटाने में लगी है।

counter
अभी तक पाठक संख्या