सरूरपुर/जिला मेरठ - देर रात हुई हत्या की वारदात से दहला क्षेत्र, चाकू से ताबड़तोड़ वार कर युवक के सीने मे मारी गोली, दो गिरफ्तार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, अगस्त 29, 2026

सरूरपुर/जिला मेरठ - देर रात हुई हत्या की वारदात से दहला क्षेत्र, चाकू से ताबड़तोड़ वार कर युवक के सीने मे मारी गोली, दो गिरफ्तार

https://newsindia17.com/sarurpur-meerut-yuvak-hatya-chaku-se-tabadtod-var-seene-me-goli-do-aaropi-giraftar

कल शुक्रवार की देर रात हुई युवक की हत्या के बाद जनपद मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गाँव डाहर मे हड़कंप मच गया। यहाँ दो बाइकों पर सवार चार हमलावरों ने एक युवक को घेर लिया और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। इतना ही नही आरोपियो ने युवक की गर्दन भी रेत दी। इस हमले मे गंभीर रूप से घायल हुए युवक को हमलावरों ने गोली भी मार दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणो को आता देख हमलावर बाइकों से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव डाहर निवासी शहजाद मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करते है। शहजाद के परिवार मे उनकी पत्नी व चार बच्चे थे। बताया गया कि तीन बेटो व एक बेटी मे सालिम सबसे बड़ा था। शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे सालिम घर से बाजार जाने के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि रास्ते में दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने उसे रोक लिया। हमलावरों ने उस पर चाकू से हमला शुरू कर दिया। पेट और पीठ पर कई वार करने के बाद उसकी गर्दन पर भी चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल सालिम सड़क पर गिरकर तड़पने लगा। इसी दौरान एक हमलावर ने उसके सीने में गोली मार दी।


हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने आसपास के इलाके में छानबीन कर वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए। प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों से भी पूछताछ की गई। घटनास्थल के आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांच के दायरे में ली जा रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस वारदात का कारण पुरानी रंजिश  है। पुलिस ने गांव के ही रहने वाले शहजाद और गुलजार को हिरासत में लिया है। पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर बताया कि ईद के दौरान सालिम से उनका विवाद हुआ था, जो मारपीट तक पहुंच गया था। इस मामले में सरूरपुर थाने में मुकदमा भी दर्ज हुआ था।


एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि हत्याकांड के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई थीं। इनमें स्वाट टीम को भी लगाया गया था। पुलिस के अनुसार घटना के करीब दो घंटे के भीतर ही मामले में दो आरोपियों को पकड़ लिया गया।


फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार दोनों आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वारदात में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या