आँवला/जिला बरेली - दलित व्यापारी पर हमला कर नकदी व मोबाइल छीना, बचाने आये बेटे को भी पीटा, पुलिस पर लगा गंभीर आरोप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, सितंबर 14, 2026

आँवला/जिला बरेली - दलित व्यापारी पर हमला कर नकदी व मोबाइल छीना, बचाने आये बेटे को भी पीटा, पुलिस पर लगा गंभीर आरोप

https://www.newsindia17.com/2026/09/aonla-bareilly-dalit-vyapari-par-hamla-nakdi-mobile-chhina-bete-ko-bhi-pita-police-par-gambhir-aarop.html

जिला बरेली के आंवला थाना क्षेत्र से एक दलित व्यापारी और उसके बेटे के साथ मारपीट कर रुपये व मोबाइल फोन छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और विरोध करने पर मारपीट की। पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने का भी आरोप लगाया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार मुकेश कुमार निवासी आदर्श कॉलोनी, आँवला गत 11 सितंबर की रात करीब 10 बजे अपनी दुकान बंद करने साइकिल से घर जा रहे थे। इसी दौरान रामलीला गेट के पास उनकी साइकिल एक मोटरसाइकिल से टकरा गई। आरोप है कि इसके बाद वहां मौजूद तीन लोगों ने उनके साथ जातिसूचक गालियां देते हुए अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और उनकी जेब से करीब 5 हजार रुपये तथा मोबाइल फोन छीन लिया। घटना की जानकारी मिलने पर मुकेश का बेटा आदित्य मौके पर पहुंचा। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आदित्य को आया देख आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया और करीब 6-7 लोगों ने आदित्य के साथ भी मारपीट की। हमले में आदित्य की आंख, नाक और चेहरे पर चोटें आईं।


मुकेश की पत्नी सुनीता देवी का आरोप है कि घटना की रात परिवार शिकायत लेकर थाने पहुंचा था। उनका कहना है कि वहां मौजूद एक होमगार्ड ने उन्हें कागज की जानकारी दिए बिना ही हस्ताक्षर करा लिए। अगले दिन थाना दिवस में अधिकारियों के सामने मामला रखने के बाद घायल आदित्य का मेडिकल परीक्षण कराया गया।


सुनीता देवी के अनुसार 13 सितंबर को एफआईआर की कॉपी लेने थाने पहुँचने पर उन्हें पता चला कि मुकदमा दर्ज ही नहीं किया गया था। आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केवल शांतिभंग की कार्रवाई की और उन्हें छोड़ दिया। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपी पक्ष उन पर समझौता करने का दबाव बना रहा है। सुनीता देवी का कहना है कि समझौता नहीं करने पर उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी जा रही है।


मामले को लेकर सुनीता देवी ने आज सोमवार को आंवला क्षेत्राधिकारी हेमंत उपाध्याय को शिकायती पत्र देकर निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय ने बताया कि पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

free counter
अभी तक पाठक संख्या