संभल - महिला ने फर्जी नाम पता लिखाकर कराई कोरोना जाँच, रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, दिसंबर 06, 2021

संभल - महिला ने फर्जी नाम पता लिखाकर कराई कोरोना जाँच, रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप

एक महिला ने स्वयं को जिला संभल का बताते हुए गलत नाम व पता लिखाकर बरेली की एक लैब पर प्राइवेट तौर पर कोरोना की जांच कराई थी। अब जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद महिला गायब है। महिला की तलाश में सम्भल स्वास्थ्य विभाग की टीम लगी है लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल रहा है। वहीं चार माह बाद कोरोना पाजिटिव मिलने पर जिले में फिर से खलबली मच गई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार एक महिला ने बरेली में संचालित एक निजी लैब से अपनी कोरोना की जांच तीन दिसंबर को कराई थी। जांच कराते समय महिला ने अपना नाम प्रतिमा कुमारी व जनपद सम्भल के कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव छाबड़ा का निवासी बताया था। कल शनिवार रात जब महिला की रिपोर्ट आई तो महिला कोरोना पाजिटिव पाई गई। स्वास्थ्य विभाग को जिले में महिला के कोरोना पाजिटिव मिलने की सूचना पर खलबली मच गयी। पाठको को बताना उचित होगा कि पिछले चार माह से जनपद में कोई भी कोरोना का मामला नहीं आया था। अचानक से महिला की रिपोर्ट पाजिटिव आने से सभी हैरान रह गए। स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम महिला की तलाश में उसके द्वारा दिये गये नाम पते पर छाबड़ा गांव पहुंची लेकिन वहां इस नाम की कोई महिला नहीं मिली और महिला ने जो मोबाइल नंबर दिया था वह भी गलत था। महिला के न मिलने से अब स्वास्थ्य व‍िभाग की मुश्किलें और भी बढ़ गई हैं। महिला को ढूंढना स्वास्थ्य विभाग के लिए बड़ी चुनौती होगी। वहीं महिला के संपर्क में आने से कोरोना पाजिटिव पीड़ितों की संख्या बढ़ जाने का खतरा भी बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग लगातार महिला को तलाशने का प्रयास कर रहा है। 


सरकारी अस्पताल के प्रभारी डा. हरवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि महिला ने प्राइवेट लैब से जांच कराई और जो नाम पता दर्ज कराया गया था वह सब फर्जी है। पोर्टल पर रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद जब महिला की तलाश गांव में जाकर की गई तो उसके फर्जी नाम पते की जानकारी हुई। ऐसा लगता है कि महिला ने जहां पर जांच कराई है वहीं कही पर रह रही होगी। सीएमओ अजय कुमार सक्सेना ने बताया कि टीम को उस लैब में भेजा जाएगा जहां पर महिला ने जांच कराई है।
free counter
अभी तक पाठक संख्या