आज बुधवार की सुबह जिला रामपुर के भोट कस्बे में हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दम्पति को रौंद दिया। इस दुर्घटना के बाइक सवार दम्पति गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना पर उसके घर में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज बुधवार की सुबह सुबह मोतियापुरा गांव निवासी राम सिंह अपनी पत्नी जगवती के साथ दवा लेने भोट आये थे। दंपत्ति करीब साढ़े दस बजे बाइक द्वारा वापस जा रहे थे। जब इनकी बाइक भोट कस्बे में पंजाब एंड सिंध बैंक के सामने पहुँची विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। तेज रफ़्तार ट्रक टक्कर मारने के बाद फरार हो गया। हादसे में बाइक सवार दम्पति बाइक समेत रोड पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए व घायल दम्पति को जिला चिकित्सालय भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल जगवती उम्र 50 वर्ष को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया।
| अभी तक पाठक संख्या |