आज रविवार को नगर गजरौला में सिख पंथ के दसवें गुरु श्रीगुरु गोविंद सिंह का 355वां प्रकाशोत्सव उत्साह पूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन में शामिल गतका पार्टी के हैरतअंगेज करतबों ने सभी को रोमांचित किया। पंजाब के मिलिट्री बैंड की धुनों ने भी सबका मन मोहा।
आज रविवार को चौपला स्थित गुरुद्वारा परिसर में अखंड पाठ का समापन किया गया। इसके बाद नगर कीर्तन का शुभारंभ किया गया। नगर कीर्तन चौपला पुलिस चौकी से होता हुआ लक्ष्मीनगर, रेलवे ओवरब्रिज, इंदिरा चौक, बस्ती, अवंतिका नगर, डाक घर, खाद गुर्जर चौराहा, रेलवे स्टेशन आदि मार्गों से होता हुआ वापस इंदिरा चौक पहुंचा। नगर कीर्तन में सबसे आगे पंच प्यारे तथा उसके पीछे स्थानीय बैंड पार्टी व डीजे की धुन पर युवा थिरकते चलते रहे थे। पंजाब के मशहूर मिलिट्री बैंड की धुनों ने दर्शको का मन मोह लिया। गतका पार्टी में शामिल युवाओं ने तलवारबाजी, ईंट तोड़ने जैसे हैरतअंगेज करतब दिखाए। वहीं फूलों से सजे गुरु ग्रंथ साहब के रथ के आगे मार्ग पर सफाई करती चल रही सिख संगत भी सभी के आकर्षण का केंद्र रही। पालकी के पीछे महिलाओं का जत्था कीर्तन करता चल रहा था। नगर कीर्तन वापस चौपला स्थित गुरुद्वारा परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ।
इस दौरान ज्ञानी अनूप सिंह, अमरजीत सिंह, धर्म सिंह, हरभजन सिंह, बचन सिंह, सुंदर सिंह, दर्शन सिंह, हरजीत सिंह, गुरुजीत सिंह, हरप्रीत बेदी, गुरदीप सिंह, रंजना कौर, हरप्रीत कौर आदि मौजूद। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी मुस्तैद रहा।
| अभी तक पाठक संख्या |