धामपुर - धर्म के नाम पर ठगी करने वाले नेपाल निवासी शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेजा, लाखो की नगदी व जेवरात बरामद - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, जनवरी 15, 2022

धामपुर - धर्म के नाम पर ठगी करने वाले नेपाल निवासी शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेजा, लाखो की नगदी व जेवरात बरामद

newsindia17

धामपुर पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड के सहारे स्वयं को भारतीय बताकर धामपुर क्षेत्र के गांव कुंडीपुरा में रह रहे नेपाल निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। नेपाल निवासी ये व्यक्ति लम्बे समय से यहाँ रह रहा था और तंत्र विद्या के जाल में फंसाकर लोगो का पैसा हड़प रहा था। आरोपी के पास से पुलिस ने भारी मात्रा में सोना, चाँदी व लाखो की नकदी बरामद की हैं।


प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किया गया आरोपी मोहम्मद इस्लामुद्दीन पुत्र जहानआलम नेपाल के रोतहट का रहने वाला है। वह काफी समय पूर्व बिहार राज्य के पूर्वी चंपारण में रह रहा था। बिहार में रहने के दौरान ही उसने फर्जी कागजात के आधार पर स्वयं को भारतीय होने की जानकारी देकर फर्जी आधार कार्ड तैयार करा लिया था। इसके बाद वह धामपुर थाना क्षेत्र के गांव कुंडीपुरा में एक मस्जिद के पास कमरा किराए पर लेकर  रहने लगा ग्रामीणों का आरोप है कि वह इस दौरान झाड़-फूंक तथा तंत्र क्रिया में सक्रिय हो गया। वह नौकरी लगवाने, परीक्षा में पास कराने व निकाह कराने आदि के नाम पर लोगो को भ्रमित कर, झूठ बोलकर, झूठे प्रपत्र रचकर लोगो से पैसा व जेवरात आदि हड़पने लगा।


स्थानीय अभिसूचना इकाई को दूसरे देश के युवक की फर्जी आधार कार्ड के आधार पर रहने की जानकारी होने के बाद स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव कुंडीपुरा जाकर आरोपी को दबोच लिया। इस दौरान आरोपी के घर की तलाशी के दौरान पुलिस को सोना तथा लाखों रुपए की नगदी भी बरामद हुई। इसके साथ ही कई अन्य कीमती सामान भी बरामद हुआ है।  गिरफ्तार किये गए आरोपी की पास से पुलिस ने नकद 5 लाख 32 हजार 410 रुपए, 10-10 ग्राम वजन के 7 चाँदी के सिक्के, 1 बड़ा व 6 छोटे सोने के सिक्के, 2 माँग पट्टी, 1 जोड़ी टॉप्स, 2 लेडीज अंगूठी, 1 मंगल सूत्र, 1 टूटी हुई चैन का टुकड़ा, 1 जोड़ी कानो के कुण्डल व 1आधा टूटा सोने का कानो का कुण्डल, बिहार के रक्सौल के पते का एक आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र व मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार करने टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, निरीक्षक अपराध प्रवेश कुमार पाठक, उपनिरीक्षक मानचंद, कांस्टेबल विक्रांत राणा व मनीष कुमार शामिल रहे। अपराध निरीक्षक प्रवेश कुमार पाठक ने बताया कि आरोपी मोहम्मद इस्लामुद्दीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उसका चालान कर जेल भेज दिया गया है।

free counter
अभी तक पाठक संख्या