जिला अमरोहा के नौगांवा सादात थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। विवाहिता का शव कमरे में फांसी के फंदे पर झूलता मिला। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। तहरीर न मिलने पर देर शाम तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नही हो सकी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव करौंदी निवासी प्रदीप कुमार का विवाह 3 वर्ष पूर्व हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव अहरौला की निवासी रुपाली पुत्री स्व. तीरथ सिंह चौहान से हुई थी। एक वर्ष पूर्व रुपाली ने एक बेटी को भी जन्म दिया था। पुलिस के अनुसार पिछले कई दिनों से रुपाली की ससुराल के लोगों से किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। कल शुक्रवार की रात परिवार के लोग खाना खाकर सो गए थे। रात में किसी समय रूपाली ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और अपने दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी पर झूलकर जान दे दी। आज शनिवार की सुबह रूपाली का शव कमरे में फांसी परझूलता मिला। विवाहिता की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
विवाहिता की मौत की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर आ गए। जिन्होंने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। सूचना पर नायब तहसीलदार महेंद्र यादव और प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्ष के लोगों से घटना की बावत जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायके पक्ष से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
| अभी तक पाठक संख्या |
