अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के एक में कमरे में सो रहे बुजुर्ग की आग की चपेट में आकर मौत हो गई। परिजनों ने वृद्ध के साथ सो रहे भांजे पर आग लगाकर मारने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जाँच में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव चतरपुर का निवासी रघुनाथ सिंह आयु लगभग 90 वर्ष कल शनिवार की रात शेरकोट निवासी अपने भांजे के साथ सोये थे। आज रविवार को तड़के लगभग 3:30 बजे उनके कमरे से चीखने की आवाजे आने व धुंआ निकलता देख परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने कमरे में लगी आग को किसी प्रकार बुझाने का प्रयास किया और झुलसी हालत में वृद्ध को निजी चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक ने वृद्ध को मृत घोषित कर दिया। रघुनाथ सिंह की पुत्रवधू जानकी देवी ने बताया कि मृतक का भांजा झाड़ फूंक व तंत्र-मंत्र करता है। आग लगने की घटना के बाद वह फरार है।
घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक पूर्वी ओमवीर सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनीता दहिया व कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक दिनेश शर्मा मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक दिनेश शर्मा का कहना है कि मृतक के परिजन उसके भांजे पर आग लगाकर मारने का आरोप लगा रहे हैं। आरोपित घटना के बाद से फरार हो गया है। उन्होंने बताया कि बताया कि प्रारंभिक जांच में कमरे में लगे हीटर की वजह से आग लगना प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि परिजन जिस व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं वह मौके से फरार है।
| अभी तक पाठक संख्या |