धामपुर विधानसभा सीट पिछले कुछ दिनों से राजनीति का अखाड़ा बनी हुई है। नामांकन के लिए मात्र दो दिन ही शेष रह गए हैं, लेकिन अभी बसपा और सपा के प्रत्याशी को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी हाजी कमाल के टिकट कटने की खबर सुनते ही हाजी कमाल के समर्थकों ने जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला।
पाठको को बताना उचित होगा कि सपा हाईकमान ने तीन बार के विधायक एवं पूर्व मंत्री रहे मूलचंद चौहान का टिकट काटकर उनके स्थान पर नूरपुर विधायक नईमुल हसन को धामपुर विधान सभा सीट से प्रत्याशी बनाया है। इसके बाद से मूलचंद बसपा के संपर्क में हैं। इस सीट से बसपा ने शेरकोट निवासी हाजी कमाल अहमद को प्रत्याशी बनाया है, लेकिन सपा के पूर्व मंत्री ठाकुर मूलचंद चौहान को सपा से टिकट नहीं होने के कारण मंगलवार शाम उन्हें बसपा से टिकट मिलने की खबर फैल गई। आज बुधवार को हाजी कमाल के समर्थकों ने टिकट कटने की आशंका जताते हुए विरोध किया और हंगामा खड़ा कर दिया। इसे लेकर आज बुधवार सुबह कमाल अहमद के समर्थकों ने धामपुर में स्योहारा रोड स्थित बसपा सांसद गिरीश चंद्र के आवास का घेराव कर दिया। सांसद के आवास पर पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रभारी शमशुद्दीन राइन पहुंचे हुए थे। कार्यकर्ताओं को पता लगते ही उन्होंने उनका घेराव कर दिया और हाजी कमाल को अभी तक चुनाव चिन्ह नहीं दिए जाने को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि पार्टी द्वारा सपा से आए मूलचंद चौहान को टिकट दिया जा रहा है, जबकि कमाल क्षेत्र में काफी समय से मेहनत कर रहे हैं।
हाजी कमाल के समर्थको ने बसपा सांसद गिरीश चंद के आवास का घेराव किया और वहाँ मौजूद प्रदेश प्रभारी शमशुद्दीन राइन को बाहर लाकर पुलिस की मौजूदगी में शमशुद्दीन राइन के साथ दुर्व्यवहार किया। हाजी कमाल के समर्थक का कहना है कि यदि हाजी कमाल के स्थान पर टिकट किसी अन्य प्रत्याशी को मिलता है हम यहीं पर आत्महत्या कर लेंगे। बसपा प्रत्याशी कमाल खान के समर्थकों का कहना है कि उनके प्रत्याशी के साथ बसपा नेता धोखा दे रहे है। इस दौरान हाजी कमाल के समर्थकों ने हाथी गद्दार है, मायावती गद्दार है, शमसुद्दीन राइन गद्दार है के नारे लगाते हुए जमकर हंगामा काटा।
इस दौरान कार्यकर्ताओं को समझाने बाहर आए शमशुद्दीन राईन के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। हंगामे की सूचना पर एसडीएम विजय वर्धन, सीओ अजय अग्रवाल सहित कोतवाली पुलिस पहुंची। लोगों को शांत करते हुए राइन को पुलिस अपने साथ सुरक्षित निकालकर ले गई। बसपा के प्रत्याशी को लेकर अभी भी असमंजस बना हुआ है। पूर्व मंत्री मूलचंद के समर्थक दावा कर रहे हैं कि बसपा से उन्हें टिकट मिल चुका है। हालांकि इस बारे में आधिकारिक रूप से अभी तक बसपा एवं मूलचंद चौहान की ओर से कोई भी बोलने को तैयार नहीं है।
| अभी तक पाठक संख्या |