आज सोमवार को मुरादाबाद के मैनाठेर थाना क्षेत्र में सिपाही की पत्नी की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गयी। सूचना पर पहुँचे मृतका मायके पक्ष वालो ने दहेज़ के लिए हत्या किये जाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने आक्रोशित मृतका के मायके वालो को बामुश्किल समझाकर शांत किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। पुलिस अधिकारियो है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका पुष्पा देवी मुरादाबाद के ही सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गाँव शुरुआ धर्मपुरके निवासी नंदराम की बेटी थी। नंदराम के पुष्पा के अतिरिक्त तीन पुत्र सचिन, सुनील व कुलदीप तथा दो पुत्रियाँ है। वर्ष 2013 में पुष्पा की शादी मैनाठेर थाना क्षेत्र के नूरपुर गाँव निवासी कांस्टेबल विमल कुमार के साथ हुई थी। मृतका के चाचा जगत सिंह के अनुसार पुष्पा के दो बच्चे सोना व छोटू है। बताया गया कि शादी के बाद कुछ समय तक सब ठीक चलता था। बाद में विमल ने वर्दी का रौब दिखाकर दहेज़ की माँग शुरू कर दी। ससुराल वाले पुष्पा को मायके भी नहीं भेजते थे तथा मोबाइल पर बात भी अपनी मौजूदगी में ही कराते थे। इस समय विमल की पोस्टिंग बरेली में है। मृतका के चाचा जगत सिंह के अनुसार पुष्पा का छोटी छोटी बातो को लेकर उत्पीड़न किया जाता था। आज सोमवार की सुबह लगभग 11 बजे पुष्पा के ससुराल पक्ष वालो ने सीधे फ़ोन न कर रिश्तेदारों के द्वारा सूचना भिजवाई कि पुष्पा की अचानक मौत हो गयी है। मौके पर पहुंचे मायके पक्ष वालो ने देखा कि पुष्पा के शरीर पर चोटों के निशान मौजूद थे। मौके पर पहुँचे मृतका के मायके वालो ने हंगामा भी किया और मैनाठेर थाने पहुंचकर ससुराल पक्ष के लोगो के खिलाफ कार्रवाई की माँग की। मायके पक्ष वालो ने इस सम्बन्ध में लिखित तहरीर दी है।
मैनाठेर थाना प्रभारी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि फ़िलहाल मृतका के मायके पक्ष वालो को समझाकर शांत कर दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया गया है। रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
| अभी तक पाठक संख्या |