मुरादाबाद - पुलिस चौकी से चंद कदमो की दूरी पर बाइक सवारों से गन प्वाइंट पर लूट, खुद को घिरा देख बाइक छोड़ भागे लुटेरे - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, मार्च 23, 2022

मुरादाबाद - पुलिस चौकी से चंद कदमो की दूरी पर बाइक सवारों से गन प्वाइंट पर लूट, खुद को घिरा देख बाइक छोड़ भागे लुटेरे


कल मंगलवार की रात लुटेरों ने पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर बाइक सवार दो भाइयों को लूट लिया। गन प्वाइंट पर लूटपाट कर रहे बदमाशों से दोनों भाई भिड़ गए जिस पर लुटेरों ने हमला कर एक युवक को जख्मी कर दिया। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोगो के मौके पर पहुँचने पर लुटेरे अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर लुटेरों का सुराग लगाने की कोशिश कर रही है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला संभल के असमोली थाना क्षेत्र के गांव मंसूरपुर निवासी शाहजेब और शुएब एक निर्यात फर्म में काम करते हैं। कल मंगलवार की रात ड्यूटी के बाद दोनों बाइक से घर जा रहे थे। दोनों भाइयो ने मिनी बाईपास पर बाइक में तेल डलवाया। आगे बढ़ने पर पुलिस चौकी से थोड़ा पहले काले रंग की बाइक पर सवार दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर बाइक रुकवा ली। लुटेरों ने दोनों भाइयो से 5 हजार रुपये और मोबाइल फोन छीन लिया। साहस कर दोनों भाई बदमाशों से भिड़ गए। दोनों ने शोर मचाया तो वहां से गुजर रहे लोग भी बदमाशों को पकड़ने के लिए दौड़े।


एक राहगीर द्वारा पुलिस को सूचना देने पर पास ही पुलिस चौकी पर मौजूद पुलिस कर्मी दौड़कर घटना स्थल पर पहुंचे। खुद को घिरा देख लुटेरे अपनी बाइक छोड़कर भाग गए।

web counter
अभी तक पाठक संख्या