उत्तर प्रदेश के जनपद मेरठ से तीन परिचितों द्वारा एक अधिवक्ता को बंधक बनाकर पीटे जाने का मामला प्रकाश में आया है। बताया गया कि आरोपितों ने अधिवक्ता को नग्न कर बुरी तरह पीटा और पानी में पेशाब मिलाकर पिलाया। विरोध पर अधिवक्ता का मुंह पानी से भरी हौज में डूबाकर जान से मारने का प्रयास किया। इस मामले में पुलिस का भी नकारात्मक रवैया देखने को मिला। किसी प्रकार आरोपियो के चंगुल से छूटकर चौकी पहुंचे पीड़ित को पुलिस ने भी टरका दिया। बाद में वरिष्ठ अधिकारियो के दखल के बाद इस मामले में इंचौली थाने में पीड़ित की तहरीर ली गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय अधिवक्ता कुछ समय पहले तक मेरठ के मूल निवासी है और यही न्यायालय में ही प्रैक्टिस कर रहे थे। गत 5 माह पूर्व वह किसी फर्म में काम करने गुवाहटी चले गए थे। अधिवक्ता किसी काम से 3 दिन पूर्व मेरठ आये थे और गंगानगर के एक होटल में ठहरे थे। अधिवक्ता ने अपने आने की सूचना पुराने 3 परिचितों को दी थी। इन परिचितों ने कल रविवार की शाम अधिवक्ता से मिलकर शादी की दावत देने को कहा। इसके बाद अधिवक्ता को साथ लेकर तीनो परिचित युवक इंचौली थाना क्षेत्र में ले गए। वहाँ शराब पार्टी के दौरान परिचितों ने अधिवक्ता से कहा कि तेरी पत्नी बहुत सुंदर है। हमने सोशल मीडिया पर उसकी फोटो देखी है। परिचितों ने अधिवक्ता से उसकी पत्नी का फोन नंबर माँगा और कहा कि हम भी उससे बात कर लेंगे। परिचित युवको द्वारा पत्नी के बारे में अभद्र बाते करने पर अधिवक्ता भड़क गया और विरोध जताया। आरोप है कि इसके बाद तीनो परिचित युवक वकील को बंधक बनाकर सिखेड़ा बम्बे के एक नलकूप पर ले गए और उसके सारे कपड़े उतारकर बुरी तरह पीटा। पीड़ित का आरोप है कि उसके साथ एक घंटे से अधिक समय तक बर्बरता की गयी तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। आरोपियों ने अधिवक्ता से मोबाइल व नकदी भी छीन ली और कहा कि तू यही रूक हम शराब लेकर आते है। आरोपियो के जाने के बाद बंधक बना अधिवक्ता वहाँ से भाग निकला। करीब 2 किलोमीटर तक भागने के बाद हाईवे पर उसे कुछ लोग मिले। इन लोगो ने उसे तन ढकने को एक अंगोछा दिया।
अधिवक्ता मामले की शिकायत करने राजपुरा चौकी पहुंचा। वहाँ उसे मामला इंचौली थाना क्षेत्र का बताकर पुलिकर्मियों ने होटल ले जाकर छोड़ दिया। इसके बाद अधिवक्ता आज सोमवार को तहरीर देने के लिए गंगानगर थाने गया। यहाँ भी उसे मामला इंचौली थाना क्षेत्र का बताते हुए टरका दिया गया। मामला अधिकारियो तक पहुंचने के बाद इंचौली पुलिस ने अधिवक्ता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर 3 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसपी देहात कमलेश बहादुर ने बताया कि पीड़ित अधिवक्ता द्वारा तीन लोगो के खिलाफ मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने की तहरीर दी गयी है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पेशाब पिलाये जाने की पुष्टि नही हुई है और न ही अधिवक्ता द्वारा तहरीर में इस बारे में कुछ बताया गया है। मामले की जाँच की जा रही है।
| अभी तक पाठक संख्या |