जिला अमरोहा के डिडौली थाना क्षेत्र से शिक्षक व शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने वाला एक मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ स्थित एक इंटर कॉलेज के अध्यापक पर छात्राओं के साथ छेड़खानी की और शिकायत करने पर एक छात्रा को जान से मारने का प्रयास किया। पीड़िता के परिजनो द्वारा की गयी शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच मे जुटी है।
उक्त मामला डिडौली थाना क्षेत्र के किसान इंटर कॉलेज से जुड़ा है। यहाँ कक्षा 10 की छात्राओं ने विवेक मीणा नाम के एक शिक्षक पर कक्षा मे अश्लील हरकत किये जाने का आरोप लगाया है। छात्राओं द्वारा शिकायत किये जाने पर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने अध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की थी। प्रधानाचार्य द्वारा कार्रवाई किये जाने पर आक्रोशित अध्यापक ने एक छात्रा को स्कूल के पीछे एक सुनसान स्थान पर बुलाया और गला दबाकर मारने का प्रयास किया। इस घटना के बाद छात्रा की तबियत बिगड़ गयी। छात्रा को मुरादाबाद के एक अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।
उक्त मामले मे पीड़िता के परिजनो द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर डिडौली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि आरोप अध्यापक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जायेगा।
![]() |
अभी तक पाठक संख्या |