मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - यूटूबर की ईरानी दुल्हन ने ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप, दहेज उत्पीड़न और ब्लैमेलिंग का मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, नवंबर 06, 2025

मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - यूटूबर की ईरानी दुल्हन ने ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप, दहेज उत्पीड़न और ब्लैमेलिंग का मुकदमा दर्ज

www.newsindia17.com

मुरादाबाद निवासी एक यूट्यूबर से शादी करने वाली ईरान निवासी महिला फायजा अर्वंदी उर्फ फाएजे ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने अपनी सास, तीन ननदों और ननदोई के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


मुरादाबाद महानगर के आशियाना की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी यूट्यूबर पंकज कुमार दिवाकर की दोस्ती करीब तीन साल पहले सोशल मीडिया के माध्यम से ईरान के हमादान शहर की निवासी फाएजे अर्वंदी (फायजा) से हुई थी। व्हाट्सएप कॉल पर बातचीत बढ़ने के बाद यह दोस्ती प्यार में बदल गई। पंकज कुमार जुलाई 2023 में टूरिस्ट वीजा लेकर ईरान गया और फायजा के परिवार से मिला। फायजा के पिता मसूद जो अखरोट की खेती करते हैं, दोनों के रिश्ते के लिए राजी हो गए। ईरान में कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों ने मुरादाबाद आकर शादी कर ली थी।


आज गुरुवार को अपने पति के साथ महिला थाने पहुंची फायजा ने पुलिस को एक लिखित तहरीर दी। इस तहरीर में उसने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए है। फायजा का आरोप है कि शादी के बाद से ही सास कुंता देवी, तीन ननदों और ननदोई ने उन्हें दहेज के लिए परेशान करना शुरू कर दिया। उन्होंने महिला से महंगे तोहफे और रुपयों की मांग की। मांग पूरी न होने पर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। सबसे गंभीर आरोप यह है कि फायजा के निजी पलों के वीडियो और तस्वीरें उनकी जानकारी के बिना रिकॉर्ड कर ली गईं। बाद में, इन्हीं तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए किया गया। महिला ने शिकायत में कहा है कि जब उन्होंने इस उत्पीड़न और रिकॉर्डिंग का विरोध किया, तो उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।


महिला थाना मुरादाबाद पुलिस ने ईरानी महिला की तहरीर पर दहेज उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। महिला थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है।


दूसरी ओर ससुराल पक्ष ने फायजा द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है। पुलिस अब दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और आरोपों की सत्यता जांचने के लिए साक्ष्य जुटाएगी। यह मामला अंतर-राष्ट्रीय विवाह में सामने आए घरेलू विवाद का एक बड़ा उदाहरण बन गया है, जिस पर पुलिस बारीकी से नजर रखे हुए है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या